Holi Special Bus: रोडवेज की होली स्पेशल बस सेवा का प्लान तैयार, 305 बसों का होगा नॉन-स्टॉप संचालन
लखनऊ, अमृत विचारः लखनऊ क्षेत्र में रोडवेज प्रशासन ने होली पर्व के लिए बस संचालन का पूरा खाका तैयार कर लिया है। लखनऊ क्षेत्र की कुल 967 बसों में से 305 बसों को विशेष रूप से चिह्नित किया गया है। ये बसें 25 फरवरी से 5 मार्च तक यूपी के 13 प्रमुख शहरों के बीच नॉन-स्टॉप सेवाओं के रूप में संचालित होंगी।
प्रमुख बस अड्डों से मिलेगी सुविधा
यात्रियों को बसों की सुविधा आलमबाग, कैसरबाग और अवध स्टेशन से उपलब्ध होगी। एकमुश्त सवारी होने पर बसें सीधे रवाना की जाएंगी। इसके चलते यात्रियों को रास्ते में बार-बार सवारी उतारने और चढ़ाने के झंझट से मुक्ति मिलेगी और फिजूल का समय बर्बाद नहीं होगा। क्षेत्रीय प्रबंधक अमरनाथ सहाय ने बताया कि बस अड्डों पर यात्रियों के बैठने, खान-पान और अन्य सुविधाओं को दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं।
मार्गों के अनुसार बसों का विवरण
लखनऊ से नॉन-स्टॉप बस सेवाओं का विवरण इस प्रकार है:
कानपुर मार्ग: 17 बसें
गोरखपुर मार्ग: 46 बसें
दिल्ली मार्ग: 43 बसें
बहराइच मार्ग: 26 बसें
गोंडा-बलरामपुर मार्ग: 24 बसें
आजमगढ़ मार्ग: 37 बसें
देहरादून मार्ग: 9 बसें
हरिद्वार मार्ग: 10 बसें
बनारस मार्ग: 10 बसें
प्रयागराज मार्ग: 33 बसें
आगरा-मथुरा मार्ग: 20 बसें
रायबरेली मार्ग: संख्या निर्दिष्ट नहीं
यात्रियों की सुविधा के लिए एसी बसें भी संचालित की जाएंगी। इन एसी बसों में तत्काल या एडवांस बुकिंग की सुविधा भी खोल दी गई है।
