Moradabad: घर से शिवालयों तक गूंजा हर हर महादेव, शिव तेरस मेलों में उमड़ी भारी भीड़
बिलारी, अमृत विचार। शिवरात्रि पर्व की नगर व देहात क्षेत्र में विशेष धूम रही। सुबह से ही घरों से लेकर शिवालयों तक हर-हर महादेव का जयकारा गूंजायमान रहा। नगर के मंदिर पौड़ा खेड़ा, मोहल्ला अब्दुल्ला स्थित शिव मंदिर, झंडा चौक शिव मंदिर,गमा देवत मंदिर, बच्चा बाग शिव मंदिर,रायसंतती मंदिर, श्री राम काली आश्रम मंदिर, स्योंडारा , अमरपुर काशी आदि में कावंड़ियों ने जल से अभिषेक किया।
स्टेशन रोड स्थित श्री मोहनानंद सेवाश्रम के प्राचीन शिव मंदिर में तेरस का मेला लगा जिसमें बड़ी संख्या में शिव भक्तों नेजलाभिषेक किया। पुलिस सुरक्षा का समुचित प्रबंध रहा।शिव भक्तों द्वारा महाकाल की पालकी यात्रा निकाली गई जो गौरीशंकर मंदिर तक गई। मेले की व्यवस्था में प्रबंधक ब्रजेश राघव, अभिषेक राठौर, राकेश कुमार शर्मा एवं उल्फत सिंह स्मारक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जोंडेरा के विद्यार्थियों ने सहयोग किया।
मेले में चौलाई के लड्डू, बेर फल, गंगाजल की शीशियों के अलावा सौंदर्य प्रसाधन, बर्तन, लकड़ी की वस्तुएं, जलेबी पकौड़ी की दुकानों पर जमकर खरीदारी की गई। कुआं खेड़ा हाल्ट स्थित प्राचीन शिव मंदिर परिसर में भी तेरस का विशाल मेला लगा जिसमें हजारों की संख्या में शिव भक्तों ने भागीदारी की, मंदिर में जलाभिषेक किया, कांवरियों ने जल समर्पित किया।
