सम्पूर्ण समाधान दिवस : 504 में से मात्र 73 शिकायतों का निस्तारण, डीएम ने सदर तहसील में सुनीं जनता की समस्याएं
शिकायतकर्ताओं को कॉल करके लिया फीडबैक
लखनऊ, अमृत विचार : राजधानी की पांचों तहसीलों में शनिवार को आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवसों में प्राप्त कुल 504 प्रकरणों में से 73 का मौके पर निस्तारण किया गया। जिलाधिकारी विशाख जी ने तहसील सदर में जनता की समस्याएं सुनीं। उन्होंने शिकायतकर्ताओं को कॉल करके निस्तारण का फीडबैक लिया। तहसील सदर में प्राप्त कुल 30 प्रकरणों में से 12 का मौके पर निस्तारण कर दिया। शेष प्रकरणों को सम्बंधित विभागाें को एक सप्ताह में निस्तारण के लिए भेजा।
जिलाधिकारी ने बताया कि तहसील सदर में 30 में से 12 प्रकरणों का निस्तारण, तहसील मलिहाबाद में 59 में से 4 प्रकरण, तहसील बीकेटी में 80 में से 16 , तहसील मोहनलालगंज में 224 में से 33 तथा तहसील सरोजनीनगर में 111 में से 8 प्रकरणों का निस्तारण मौके पर किया गया। पुलिस 64, राजस्व एवं पुलिस संयुक्त 1, राजस्व 241, विकास 37, शिक्षा 3, स्वास्थ्य 2, समाज कल्याण 14, नगर निगम 5 तथा अन्य 137 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए।
इस अवसर पर जिलाधिकारी के साथ मुख्य विकास अधिकारी अजय जैन, एडीएम आपूर्ति ज्योति गौतम, उप जिलाधिकारी तहसील सदर मनोज सिंह, तहसीलदार सदर जेपी सिंह, पुलिस, समाज कल्याण सहित विभिन्न विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
