पांच दिन जांच : करोड़ों की कर चोरी की आशंका, आयकर टीम दिल्ली रवाना

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

सीबीगंज, अमृत विचार। मंगलवार देर शाम से सीबीगंज स्थित सुपीरियर शराब फैक्ट्री में शुरू हुई आयकर विभाग की जांच शनिवार देर शाम 7 बजे समाप्त हो गयी। फैक्ट्री से करीब 23 साल पुराने सभी दस्तावेज लेकर जांच टीम दिल्ली लौट गयी। कागजातों और पूछताछ के बद करोड़ों रुपये की आयकर चोरी की आशंका जताई गयी है।

शुक्रवार को टीम ने जांच के पांचवें दिन फैक्ट्री से जुड़े ट्रांसपोर्टरों व भूसी सप्लायर सहित अन्य लोगों को पुलिस के माध्यम से फैक्ट्री बुलाकर सघन पूछताछ की। आधा दर्जन लोगों से तमाम सवाल किए। इसके बाद टीम ने फैक्ट्री के आय-व्यय से जुड़े संबंधित दस्तावेजों को कब्जे में ले लिया।

दरअसल, सीबीगंज स्थित सुपीरियर शराब फैक्ट्री में मंगलवार देर शाम करीब 7 बजे दिल्ली की आयकर विभाग की टीम ने छापा मारा था। तभी से पीएसी की सुरक्षा में लगातार जांच चल रही थी। आयकर टीम ने छानबीन के दौरान वर्ष 2003 तक के दस्तावेज, लैपटॉप, कंप्यूटर आदि दस्तावेजों को कब्जे में लेकर जांच की। 

करीब नब्बे घंटे से अधिक समय तक कागजात खंगाले। छानबीन में आयकर टीम को आयकर चोरी के कई सबूत हाथ लगे हैं। प्रारंभिक जांच के बाद अब टीम कागजातों की सघन जांच करेगी, इसलिए जांच पूरी कर फैक्ट्री का डाटा अपने कब्जे में लेकर टीम शनिवार देर शाम दिल्ली के लिए रवाना हो गई। आयकर टीम दिल्ली स्थित अपने मुख्यालय को डाटा सौंपेगी, जिसके बाद आगे की कार्रवाई शुरू होगी।

दो दिन से फैक्ट्री में उत्पादन ठप
सुपीरियर फैक्ट्री में आयकर टीम की जांच लगातार जारी रहने वजह से शुक्रवार से उत्पादन ठप रहा। शनिवार को भी उत्पादन नहीं हुआ। बड़ी संख्या में कर्मचारियों से भी आयकर टीम ने पूछताछ की थी। प्लांट में उत्पादन रविवार को शुरू होने पर भी संशय बना हुआ है।

 

संबंधित समाचार