सदन में वेस्ट टू एनर्जी का प्रस्ताव पास: जोरदार हंगामे के पार्षदों का आरोप, अवैध तरीके से विशेष सदन बुलाया गया 

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

लखनऊ, अमृत विचार : नगर निगम के विशेष सदन की बैठक में शनिवार को वेस्ट टू एनर्जी प्लांट लगाने का प्रस्ताव पास हो गया। वहीं हजरतगंज से भाजपा पार्षद नागेंद्र सिंह चौहान ने विशेष सदन को अवैध बताकर बायकॉट कर दिया। पार्षद ने आरोप लगाया की विशेष सदन बुलाने से पहले किसी भी सदस्य को एजेंडा नहीं बताया गया है। इस मुद्दे पर पार्षद की महापौर से काफी देर तक कहासुनी हुई।

इसके साथ ही भाजपा का नया प्रदेश मुख्यालय जियामऊ में 58,534 वर्ग फीट में बनने से संबंधित प्रस्ताव शासन को भेजा जाएगा। यह प्रस्ताव हालांकि नगर निगम सदन के एजेंडा में शामिल नहीं था। जबकि एजेंड के अंतिम 10 नंबर में अन्य प्रस्तावों में इसे रखा गया है। इस बात को लेकर भाजपा और कांग्रेस के पार्षदों ने नाराजगी जताई।

उनका कहना है कि जब आपके पास में संख्या बल था ही तो फिर क्यों चोरी छिपे भाजपा के नए मुख्यालय का प्रस्ताव पास किया गया। यह सदन की गरिमा से खिलवाड़ है। सदन में हंगामे के बीच कई योजनाओं को लेकर नगर निगम ने जमीन दिए जाने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी।

नए मुख्यालय की जमीन सब लीज पर दी जाएगी

विशेष सदन खत्म होने के बाद सबसे ज्यादा चर्चा जियामऊ स्थित दीन दयाल सेवा न्यास की जमीन को सब लीज पर भाजपा कार्यालय बनाने के प्रस्ताव को शासन भेजे जाने की रही। इसमें नगर निगम की ओर से इस प्रस्ताव पर शासन से फैसला लेने का निर्णय छोड़ा गया है। विपक्षी पार्षदों का कहना है कि सदन की बैठक में इस मुद्दे पर कोई चर्चा नहीं हुई। भाजपा पार्षदों का कहना है कि 10 नंबर में अन्य प्रस्तावों में यह शामिल है। इस बात को लेकर भाजपा पार्षद दबी जुबान में कह रहे हैं कि प्रस्ताव को शासन को ही भेजा गया है। वहीं महापौर भी इस बात को लेकर कुछ बोलने को तैयार नहीं हैं।

कांग्रेस और सपा के पार्षद हुए हमलावर

बीजेपी मुख्यालय के लिए जमीन दिये जाने के गुपचुप प्रस्ताव पर कांग्रेस पार्षद मुकेश सिंह चौहान ने कहा कि यह पूरी तरह से गलत है। भाजपा ने सदन की गरिमा का अपमान किया ह, ऐसा नहीं होना चाहिए। क्योंकि सदन में इस बात को लेकर कोई चर्चा नहीं हुई है। एजेंडा पहले से दिया नहीं गया। इसके बाद में जो सदन में मिला भी उसमें भी इस बात का कोई जिक्र नहीं था। सपा पार्षद राम नरेश चौरसिया ने कहा कि यह पूरी तरह से गलत है। सदन में इस बात को लेकर कोई चर्चा नहीं हुई है। न ही कोई जानकारी मिली है।

भाजपा पार्षद हुए नाराज

बैठक में एजेंडा नहीं मिलने पर हजरतगंज से भाजपा पार्षद नागेंद्र सिंह चौहान नाराज हो गए। उन्होंने बैठक को अवैध बताया। इस बीच विपक्ष के पार्षद एजेंडा नहीं मिलने पर विरोध करने लगे। सपा पार्षद यावर हुसैन रेशु और कांग्रेस पार्षद मुकेश सिंह चौहान हमलावर रहे। इस बीच भाजपा पार्षद अनुराग मिश्रा अन्नू और कांग्रेस पार्षद मुकेश सिंह चौहान के बीच में तकरार हो गई। दोनों एक दूसरे पर नहीं बोलने देने का आरोप लगाने लगे। इस बीच कांग्रेस पार्षद ममता चौधरी सहित अन्य ने बीच-बचाव किया।

भाजपा और विपक्ष के पार्षदों में हुई तीखी बहस

सदन शुरू होते ही भाजपा और कांग्रेस पार्षदों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। भाजपा पार्षद के बोलने पर कांग्रेस-सपा पार्षदों ने कहा कि आप बार-बार न बोलिए। इसके बाद दोनों पक्षों में अन्य पार्षदों को बीच में आना पड़ा। कांग्रेस पार्षद मुकेश सिंह चौहान सदन का एजेंडा न मिलने का विरोध कर रहे थे। इस बीच भाजपा पार्षद अन्नू मिश्रा कुछ बोलने लगे तो उन्होंने मना किया कि वह बार-बार न बोलें। इसी पर दोनों में तकरार हो गई। इसके बाद करीब डेढ़ घंटे तक ही सदन चल पाया।

वूमन हॉस्टल से लेकर शूटिंग रेंज टाउनशिप का प्रस्ताव पास

बैठक में वेस्ट टू एनर्जी प्लांट लगाने, हरिहरपुर में मुख्य चिकित्सा कार्यालय बनाने, छठ घाट बनाने, शूटिंग रेंज टाउनशिप के लिए अमौसी में जमीन देने के प्रस्ताव, कल्याण मंडप और वूमेन हॉस्टल बनाने के प्रस्ताव को पास किया गया।

वेस्ट टू एनर्जी प्लांट का दिखाया गया विडियो

सदन की बैठक में अहमदाबाद, दिल्ली, अहमदाबाद और बेंगलूर के वेस्ट टू एनर्जी मॉडल का विडियो दिखाया गया। नगर निगम की तरफ से अगले कुछ दिनों में इसके लिए जमीन चिन्हित की जाएगी।

प्लांट लगाने में निगम का एक पैसा खर्च नहीं होगा

महापौर ने मीडिया से बातचीत में कहा कि प्लांट लगाने में नगर निगम का एक भी रुपया खर्च नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि नगर निगम केवल जमीन देगा। सदन बुलाने का मुख्य उद्देश्य वेस्ट टू एनर्जी प्लांट लगाना है। एजेंडा देने की कोई बात ही नहीं है।

पद की गरिमा गिरा रहे भाजपा पार्षद

कांग्रेस पार्षद मुकेश सिंह चौहान ने महापौर को पत्र लिखकर सदन की गरिमा गिराए जाने का आरोप लगाया है। बहुत दुख के साथ लिखने पर विवश होना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा के पार्षद सदन के अध्यक्ष की गरिमा को गिरा रहे हैं। सत्ता पक्ष के पार्षद पीठासीन अध्यक्ष को निर्देश देने का दुःसाहस करते हैं। यह कृत्य सदन की गरिमा के विपरीत है। साथ ही सदन के अध्यक्ष का भी अपमान है। सदन में जब विपक्षी पार्षदो द्वारा अपनी बात रखने के लिए बोलना शुरु किया गया तो लोकसभा की तरह नगर निगम सदन में भी योजनाबद्ध तरीके से सत्ता पक्ष के पार्षदों द्वारा अवरोध उत्पन्न किया जाता है।

भाजपा पार्षद ने हाईकोर्ट जाने की दी चेतावनी

भाजपा पार्षद नागेंद्र सिंह चौहान ने नगर निगम द्वारा बुलाई विशेष सदन की बैठक को अवैध घोषित करते हुए इसके खिलाफ हाईकोर्ट में जाने की चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि, वेस्ट टू एनर्जी को लेकर अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार में प्रस्ताव रखा गया था। लेकिन कंपनी नगर निगम को चूना लगाकर फरार हो गयी।

 

संबंधित समाचार