Bareilly: दर्दनाक हादसा...शादी से लौटते वक्त पेड़ से टकराई कार, हादसे में तीन की मौत
बरेली, अमृत विचार। रामपुर रोड पर कार सवार परिवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसे का शिकार हो गया। तेज रफ्तार कार बेकाबू होकर सड़क किनारे लगे पेड़ से टकरा गई। हादसे में एक ही परिवार के दो बुजुर्गों समेत तीन लोगों की मौत हो गई। एक मासूम समेत तीन लोग घायल हुए हैं।
घटना शनिवार देर रात की है, बताया जा रहा है कि रामपुर के कल्याणपुर शहजादनगर निवासी गोविंद पुत्र नेमकरन अपनी 30 वर्षीय पत्नी मोनी, पिता 60 वर्षीय खेमकरन, चाचा राम बहादुर और 85 वर्षीय फूफा रामगुलाम (निवासी शिवपुरी, थाना मुंडापांडे, मुरादाबाद) के साथ अपनी बुआ के बेटे राहुल की शादी में शामिल होने थाना शाही क्षेत्र के मंसूरगंज गए थे। वापस लौट रहे थे कि देर रात एक बजे उनकी कार किला क्षेत्र स्वालेनगर पर पहुंची।
इस बीच रामपुर रोड पर सामने से अचानक एक वाहन आ गया। जिससे बचने के प्रयास में कार पेड़ से टकरा गई। हादसे में गोविंद की पत्नी मोनी, पिता खेमकरन और फूरा रामगुलाम की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं गोविंद समेत दो वर्षीय बेटा और चाचा राम बहादुर घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
