Moradabad: डियर पार्क का पीपीपी मॉडल संभव नहीं, 120.40 लाख की सौंदर्यीकरण योजना तैयार

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। एसईजेड प्रशासनिक भवन में शनिवार को मंडलीय उद्योग बंधु की बैठक मंडलायुक्त आन्जनेय कुमार सिंह की अध्यक्षता में हुई। इसमें पिछली बैठक की कार्यवृत्ति की एजेंडावार पुष्टि की गई।

बैठक में वन विभाग के अधिकारी ने बताया कि डियर पार्क का पीपीपी मॉडल सम्भव नहीं है। इसे संचालित करने के लिए विभाग ने 120.40 लाख रुपये की सौंदर्यीकरण योजना तैयार कर भेजी है। जिस पर मंडलायुक्त द्वारा पीपीपी मॉडल पर संचालित कराने के लिए उचित स्तर से अनुमति प्राप्त करने की अपेक्षा की गई। 

बैठक में पुराना राष्ट्रीय राजमार्ग-24 के किलोमीटर 164 में प्रेम वंडर लाइन के समीप स्थित समपार फाटक संख्या 413-ए पर अतिरिक्त दो लेन ऊपरिगामी सेतु के निर्माण के लिए जिलाधिकारी स्तर से अनुमोदित कराकर विश्वकर्मा पोर्टल पर अपलोड कराने की जानकारी संबंधित विभाग के अधिकारी ने दी। ई-वेस्ट के निस्तारण में पारदर्शिता के लिए मंडलायुक्त ने नगर निगम के अधिकारी को कलेक्शन के समय रसीद अवश्य दिलाने का निर्देश दिया।

एसईजेड के प्रतिनिधि ने इससे संबंधित जानकारी दी। मंडलायुक्त ने परिसर में पौधरोपण किया। बैठक में एमडीए के सचिव पंकज वर्मा, एलडीएम पंकज सरन, अधिशासी अभियंता नगर निगम विजेंद्र सिंह, उपायुक्त अमरोहा अनूप कुमार श्रीवास्तव, उपायुक्त उद्योग मुरादाबाद दीपेंद्र कुमार, अधीक्षण अभियंता सिंचाई विभाग राजीव मित्तल, क्षेत्रीय प्रबंधक यूपीसीडा गेसू मौर्या, अधीक्षक अभियंता बिजली विभाग अशोक कुमार चौरसिया सहित अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

संबंधित समाचार