यूपी में 'मौत की डोर' पर सख्ती: चाइनीज मांझे के खिलाफ पुलिस का बड़ा अभियान, 117 गोदाम-11,899 दुकानों पर छापे, 13 गिरफ्तार
लखनऊ, अमृत विचार: हाईकोर्ट, एनजीटी व राज्य सरकार के निर्देश पर प्रदेशभर में चाइनीज मांझे को लेकर विशेष छापेमारी अभियान चलाया गया। इस दौरान पूरे प्रदेश में 117 गोदाम व 11899 दुकानों में छापे मारे गये। कुल 13 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। वहीं, प्रदेश में 14 मामले दर्ज किये गये है। पुलिस मुख्यालय के मुताबिक अभियान जारी रहेगा।
उच्च न्यायालय, एनजीटी, उत्तर प्रदेश शासन एवं पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर पूरे प्रदेश में चाइनीज मांझे के निर्माण, भंडारण तथा सिंथेटिक/शीशा लेपित नायलॉन पतंग डोरी के उपयोग व बिक्री पर रोक लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया गया। जांच के दौरान भारी मात्रा में अवैध सिंथेटिक मांझा और शीशा लेपित नायलॉन पतंग डोरी बरामद की गई। इसकी अनुमानित कीमत करीब 1,93,960 रुपये आंकी गई है। पुलिस ने कुल 14 मामले दर्ज किये है। इनमें 13 आरोपियों को नामजद किया गया। एक अन्य का नाम प्रकाश में आया। पुलिस ने 13 लोगों को गिरफ्तार किया है।
डीजीपी ने दिये थे विशेष अभियान के निर्देश
प्रदेश में चाइनीज मांझे से हादसे लगातार हो रहे हैं। इसे देखते हुए डीजीपी राजीव कृष्ण ने प्रदेश के सभी पुलिस आयुक्तों तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों/पुलिस अधीक्षकों को इस प्रतिबंधित मांझे की बिक्री, भंडारण और उपयोग पर सख्ती से रोक लगाने के निर्देश जारी किए हैं। पुलिस ने व्यापारियों से अपील की है कि प्रतिबंधित मांझे का निर्माण, बिक्री या भंडारण न करें, अन्यथा उनके विरुद्ध कठोर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
