Rampur : तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को मारी टक्कर, एक की मौत...दो घायल
रामपुर, अमृत विचार। भमरौआ गांव के पास सोमवार को सड़क हादसे में बाइक सवार अजय (22) की मौत हो गई। तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे बाइक पर सवार रितिक और बबली घायल हो गए, उनका जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है।
हादसे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। जिला अस्पताल के इमरजेंसी में डॉक्टरों ने अजय को मृत घोषित कर दिया। रितिक और बबली की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया। परिजन दोनों घायलों को तुरंत निजी वाहन से दूसरे अस्पताल ले गए, जहां उनकी हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है। थाना सिविल लाइंस इंस्पेक्टर ओमकार सिंह ने बताया कि यह हादसा एक अज्ञात ट्रक की चपेट में आने से हुआ है। मृतक अजय के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी भिजवा दिया है। मृतक अजय के पिता बाबूराम ने बताया कि अजय अपने दोस्त रितिक और उसकी बहन बबली के साथ रिश्तेदारी में जा रहा था। रितिक की बहन को हाल ही में बच्चा हुआ था। बाबूराम ने यह भी बताया कि उन्होंने अजय को जाने से मना किया था। मृतक अजय और घायल रितिक दोनों थाना अजीमनगर क्षेत्र के हरदासपुर कोठरा गांव के रहने वाले हैं। वे गुजरात के अहमदाबाद में कपड़ा सिलाई का काम करते थे और होली की छुट्टियां मनाने अपने घर आए थे।
