मथुरा में रफ्तार का कहर : बेकाबू कंटेनर ट्रक ने चार लोगों को कुचला, दो की दर्दनाक मौत
मथुरा। उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर बुधवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में कंटेनर ट्रक की चपेट में आने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। गोविंद नगर थाना क्षेत्र में नयति अस्पताल के पास सुबह करीब तीन बजे यह हादसा हुआ।
थाना प्रभारी रवि त्यागी के अनुसार, दिल्ली से आगरा की ओर जा रहा एक कंटेनर ट्रक अचानक अनियंत्रित हो गया। ट्रक पहले डिवाइडर से टकराया और फिर विपरीत दिशा में सड़क के किनारे स्थित चाय की एक दुकान के बाहर खड़े चार लोगों को कुचल दिया। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
पुलिस के मुताबिक, चंदौली छाता निवासी ललित (26) और एक अज्ञात व्यक्ति की उपचार के दौरान मौत हो गई। वहीं, नारी छाता निवासी तेजपाल (45) और एटा जिले के गगनपुर निवासी विकास (22) गंभीर रूप से घायल हैं और उनका इलाज जारी है। अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने कंटेनर ट्रक जब्त कर उसके चालक को हिरासत में ले लिया है। मामले की जांच की जा रही है और मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं।
