Bareilly : सुनिधि चौहान की मखमली आवाज पर जमकर थिरके छात्र
बरेली, अमृत विचार। इंवर्टिस यूनिवर्सिटी के वार्षिक महोत्सव इंवर्शिया (स्वरंग) के दूसरे दिन मंगलवार को आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम संगम 3.0 में नृत्य और संगीत की शानदार प्रस्तुतियों ने समां बांध दिया। देर शाम शुरू हुए सुप्रसिद्ध गायिका सुनिधि चौहान की मखमली आवाज पर छात्र-छात्राएं जमकर थिरके। कार्यक्रम देर रात तक चला। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। आयोजन कुलाधिपति डॉ. उमेश गौतम और प्रतिकुलाधिपति पार्थ गौतम के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में समूह नृत्य, एकल नृत्य, हिप-हॉप, समूह एवं एकल गायन की प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। नए और पुराने गीतों पर आधारित प्रस्तुतियों के साथ धार्मिक व पंजाबी गीतों पर भी प्रभावशाली प्रदर्शन हुए। अंतर्राष्ट्रीय छात्र की बॉलीवुड गायन प्रस्तुति विशेष आकर्षण रही। निर्णायक मंडल की ओर से परिणाम घोषित किए गए, जिसमें समूह नृत्य में द रूल ब्रेकर्स को फ्यूजन प्रस्तुति के लिए प्रथम स्थान मिला।
एकल प्रस्तुति में शौर्य, युगल गायन में कशिश व प्रियांश तथा एकल गायन में मौसम विजेता रहे। अंजली और मानसी को परफॉर्मर ऑफ द डे चुना गया। रात्रि सत्र में प्रसिद्ध गायिका सुनिधि चौहान के लाइव कॉन्सर्ट ने माहौल को और ऊर्जावान बना दिया। विद्यार्थियों और दर्शकों ने प्रस्तुति का भरपूर आनंद लिया। कार्यक्रम के दौरान कुलपति प्रो. वाईडीएस आर्या, मानविकी एवं व्यवहार विज्ञान विभाग के डीन प्रो. पीपी सिंह, पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के डीन प्रो. राजेश शर्मा, विभिन्न विभागाध्यक्ष, प्राध्यापक, निर्णायक मंडल की सदस्य लिपि नोगाई व मंजू बजाज उपस्थित रहे।
