लखनऊ में ट्रैफिक सुधार को रफ्तार, दो बड़ी परियोजनाओं के लिए 47.45 करोड़ मंजूर

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

लखनऊ, अमृत विचार: लखनऊ शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए योगी सरकार ने बुधवार को एक साथ दो अहम परियोजनाओं को 47.45 करोड़ रुपये की मंजूरी दे दी है। शासन ने एक आदेश में आईआईएम रोड से रैथा रोड तक सड़क निर्माण को 23.87 करोड़ रुपये और दूसरे में गोमती पर फ्लड पंपिंग स्टेशन से बैकुंठ धाम तक चार लेन पुल के लिए द्वितीय किस्त के रूप में 23.57 करोड़ रुपये जारी करने की स्वीकृति दी गई।

आवास एवं शहरी नियोजन विभाग ने बुधवार को आईआईएम रोड से नैमिष नगर होते हुए रैथा रोड तक सड़क निर्माण परियोजना को प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति दी। इस परियोजना की कुल स्वीकृत लागत 68.22 करोड़ रुपये है, जिसमें से प्रथम किस्त के रूप में 23.87 करोड़ रुपये वित्तीय वर्ष 2025-26 में खर्च किए जाने की अनुमति दी गई है।

इस परियोजना का उद्देश्य शहर के इस हिस्से में ट्रैफिक दबाव कम करना और वैकल्पिक मार्ग विकसित करना है। निर्माण कार्य की जिम्मेदारी लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) को सौंपी गई है।

दूसरे शासनादेश में गोमती नदी पर फ्लड पंपिंग स्टेशन से बैकुंठ धाम तक चार लेन पुल निर्माण परियोजना के लिए द्वितीय किस्त के रूप में 23.57 करोड़ रुपये जारी करने की स्वीकृति दी गई है। इस परियोजना की कुल अनुमानित लागत 67.36 करोड़ रुपये है।

पुल के निर्माण से पुराने लखनऊ और नए शहरी क्षेत्रों के बीच आवागमन सुगम होने के साथ-साथ जाम की समस्या से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। इस परियोजना में भी कार्यदायी संस्था के रूप में एलडीए को नामित किया गया है। सरकार का कहना है कि इन दोनों परियोजनाओं के पूर्ण होने से लखनऊ में यातायात व्यवस्था को दीर्घकालिक समाधान मिलेगा और शहर के इंफ्रास्ट्रक्चर को नई मजबूती मिलेगी।

ये भी पढ़ें : 
अयोध्या धाम में बिना सत्यापन नहीं लगा सकेंगे दुकान: ठेला-खोमचे समेत पटरी वालों का सत्यापन शुरू, पुलिस-प्रशासन सतर्क

संबंधित समाचार