किसी का वोट एक से अधिक स्थान पर है तो स्वेच्छा से नाम कटवा लें: नवदीप रिणवा
लखनऊ, अमृत विचार: मुख्य निर्वाचन अधिकारी ( सीईओ) नवदीप रिणवा ने शुक्रवार को अलीगढ़ में एसआईआर के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने इस दौरान कहा कि यदि किसी मतदाता का नाम एक से अधिक स्थान पर है तो फार्म-7 भरकर स्वेच्छा से उसे कटवा लें। यह एक दण्डनीय अपराध है, जिसका पूर्ण उत्तरदायित्व संबंधित मतदाता का होगा। इस दौरान उन्होंने उत्कृष्ट कार्य करने वाले बीएलओ को भी सम्मानित किया।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने अलीगढ़ में विधान सभा क्षेत्र कोल के सन्त फिदेलिस स्कूल के सुनवाई केन्द्र का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने नोटिस सुनवाई केंद्र पर उपलब्ध सुविधाओं, कार्यप्रणाली, शिकायत निस्तारण व्यवस्था एवं नागरिकों को प्रदान की जा रही सेवाओं का जायजा लिया। उन्होंने केंद्र पर उपस्थित नागरिकों एवं मतदाताओं से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं और सुझाव सुने। साथ ही अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण और संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
सीईओ ने युवाओं और महिलाओं से कहा कि जिनका नाम मतदाता सूची में नहीं है, वह आवश्यक साक्ष्य सहित फार्म-6 भरकर 6 मार्च तक अपने बीएलओ को उपलब्ध करा दें, जिससे उनका नाम अंतिम मतदाता सूची में सम्मिलित हो सके। एसआईआर के बाद भी नये मतदाता तो बनेंगे, परन्तु उनका रिकॉर्ड एसआईआर के तहत सुरक्षित नहीं होगा। ऐसे में इस मौके को न गवाएं। इस दौरान उन्होंने राजनीतिक दलो के साथ भी बैठक कर कहा कि वह अधिक से अधिक मतदाता बनवाने में सहयोग करें।
