UP : होली पर 225 डॉक्टरों को झटका, स्वास्थ्य विभाग ने रद्द की संविदा भर्ती

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ, अमृत विचार : प्रदेश के सरकारी अस्पतालों में डॉक्टरों की कमी दूर करने की उम्मीद लगाए बैठे 225 एमबीबीएस अभ्यर्थियों को होली से ठीक पहले बड़ा झटका लगा है। स्वास्थ्य विभाग ने अनुबंध (संविदा) के आधार पर की जा रही भर्ती प्रक्रिया को अचानक निरस्त कर दिया। इस फैसले से चयनित अभ्यर्थियों में नाराजगी और असमंजस की स्थिति पैदा हो गई है।

स्वास्थ्य महानिदेशालय की ओर से 19 से 21 जनवरी के बीच एमबीबीएस डॉक्टरों के साक्षात्कार आयोजित किए गए थे। प्रदेशभर से बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया था। प्रक्रिया पूरी होने के बाद 225 डॉक्टरों ने विभिन्न जनपदों में रिक्त पदों के अनुसार सीटें लॉक कर दी थीं। अभ्यर्थियों को उम्मीद थी कि नियुक्ति पत्र जल्द जारी होंगे, लेकिन 26 फरवरी को स्वास्थ्य महानिदेशक डॉ. पवन कुमार अरुण ने पूरी भर्ती प्रक्रिया निरस्त करने के आदेश जारी कर दिए।

भर्ती रद्द होने से अभ्यर्थियों में रोष है। उनका कहना है कि लंबी प्रक्रिया पूरी करने और सीट लॉक करने के बाद अचानक लिया गया फैसला समझ से परे है। कई अभ्यर्थियों ने भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता को लेकर सवाल उठाए हैं और स्पष्ट कारण बताने की मांग की है।

उधर, महानिदेशक डॉ. पवन कुमार अरूण ने कहा कि अनुबंध के आधार पर एमबीबीएस डॉक्टरों की भर्ती निरस्त कर दी गई है। 241 पदों पर विशेषज्ञ डॉक्टरों की भर्ती की जाएगी। इसका विज्ञापन निकाला गया है। इससे अस्पतालों में विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी दूर होगी।

ये भी पढ़ें : होली पर रोडवेज की बड़ी तैयारी: निर्बाध रात्रिकालीन बस सेवाएं होंगी संचालित, इन रूटों पर चलने के निर्देश 

संबंधित समाचार