UP : होली पर ग्राम पंचायतों में चलेगा विशेष स्वच्छता अभियान
लखनऊ, अमृत विचार : होली पर्व को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के ग्रामीण इलाकों में स्वच्छता और मच्छर जनित बीमारियों की रोकथाम के लिए पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत 2 से 4 मार्च तक प्रदेश की समस्त ग्राम पंचायतों में व्यापक स्वच्छता एवं सैनिटाइजेशन अभियान चलाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने त्योहार के दौरान सफाई व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं, जिसकी मॉनिटरिंग सभी जिलाधिकारी (डीएम) और मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) करेंगे।
अभियान के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में कार्यक्रम स्थलों, घाटों, तालाबों, अमृत सरोवरों और स्नान स्थलों की सफाई के साथ फॉगिंग, एंटी-लार्वा छिड़काव और अपशिष्ट निस्तारण कराया जाएगा। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि होलिकोत्सव से पहले और बाद में कार्यक्रम स्थलों पर विशेष सफाई सुनिश्चित की जाए। सभी जिला पंचायतीराज अधिकारियों को विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा नदी–तालाबों व सरोवरों के घाटों की मरम्मत, रंगाई-पुताई और सुरक्षा इंतजाम की जिम्मेदारी स्थानीय ग्राम पंचायतों को सौंपी गई है। पूरे अभियान की सतत मॉनिटरिंग की जाएगी, ताकि होली पर्व के दौरान और बाद में स्वच्छता व स्वास्थ्य सुरक्षा सुनिश्चित रहे।
जल निकासी को लेकर होंगे स्थायी उपाय
पंचायतीराज विभाग के निदेशक अमित कुमार सिंह ने बताया कि कार्यक्रम सम्पन्न होने के बाद सभी अपशिष्ट पदार्थों का समुचित निपटान किया जाए। ग्राम पंचायतों में निर्मित रूरल रिसोर्स सेंटर पर कचरा एकत्र किया जाएगा। साथ ही, जलभराव वाले स्थलों की पहचान कर स्थायी उपायों के माध्यम से जल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी, ताकि डेंगू, मलेरिया जैसी बीमारियों से बचाव हो सके।
यह भी पढ़ें : UP में 4 एंटी-ड्रोन गन खरीद को शासन की मंजूरी : महानुभावों की सुरक्षा होगी और मजबूत
