UP में 4 एंटी-ड्रोन गन खरीद को शासन की मंजूरी : महानुभावों की सुरक्षा होगी और मजबूत
लखनऊ, अमृत विचार: अति विशिष्ट एवं विशिष्ट महानुभावों के प्रदेश आगमन और भ्रमण के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के लिए राज्य सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। शासन ने 4 एंटी-ड्रोन गन विद डिटेक्शन सिस्टम की खरीद के लिए 2 करोड़ 19 लाख 65 हजार 332 रुपये की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान कर दी है।
गृह विभाग द्वारा जारी शासनादेश के अनुसार, यह स्वीकृति राज्यपाल की सहमति से प्रदान की गई है। प्रत्येक एंटी-ड्रोन गन की कीमत 54,91,333 रुपये निर्धारित की गई है। यह उपकरण किसी भी संदिग्ध ड्रोन गतिविधि की पहचान और उसे निष्क्रिय करने में सक्षम होंगे। शासनादेश में स्पष्ट किया गया है कि इन उपकरणों की खरीद उत्तर प्रदेश पुलिस मुख्याल व सुरक्षा मुख्यालय द्वारा की जाएगी। खरीद प्रक्रिया सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम से जुड़े नियमों, यूपी प्रोक्योरमेंट मैनुअल और अन्य वित्तीय नियमों के अनुरूप होगी।
शासन ने यह भी निर्देश दिए हैं कि स्वीकृत धनराशि का उपयोग केवल निर्धारित सीमा में ही किया जाएगा। उपकरणों की गुणवत्ता, उपयोगिता और समयबद्ध आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी। 31 मार्च 2026 तक धनराशि का उपयोग कर लिया जाएगा। किसी भी प्रकार की अनियमितता या ऑडिट आपत्ति की जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होगी। यदि धनराशि बचती है तो उससे कोई अन्य उपकरण या सेवा क्रय नहीं की जाएगी।
बढ़ते ड्रोन खतरे के बीच अहम कदम
विशेषज्ञों के अनुसार, हाल के वर्षों में ड्रोन के जरिए सुरक्षा जोखिम बढ़े हैं। ऐसे में यह निर्णय राज्य की वीआईपी सुरक्षा व्यवस्था को तकनीकी रूप से और मजबूत करने की दिशा में अहम माना जा रहा है।
यह भी पढ़ें : IND vs WI T20 WC : भारत ने जीता टॉस, वेस्टइंडीज के खिलाफ गेंदबाजी का फैसला
