पश्चिम एशिया में भारी तनाव के चलते बाजार में उथल पुथल जारी, 1,048 अंक लुढ़का सेंसेक्स

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

मुंबई। पश्चिम एशिया में जारी भू-राजनैतिक संकट के कारण घरेलू शेयर बाजारों में सोमवार को बड़ी गिरावट देखी गयी और बीएसई का संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 1,048 अंक लुढ़क गया। अमेरिका और इजरायल के संयुक्त सैन्य अभियान में 28 फरवरी को ईरान पर हमले के बाद पश्चिम एशिया में भू-राजनैतिक संकट गहरा गया है।

ईरान ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए क्षेत्र में अमेरिकी सैन्य ठिकानों वाले कई देशों पर हमले किये हैं। इसका असर सोमवार को बाजार खुलते ही दिखा। घरेलू शेयर बाजारों में सेंसेक्स 2,743.46 अंक टूटकर 78,543.73 अंक पर खुला। 

हालांकि बाद में इसकी गिरावट काफी कम हुई। अंत में यह 1,048.34 अंक (1.29 प्रतिशत) नीचे 80,238.85 अंक पर बंद हुआ जो इसका छह महीने का निचला स्तर है। इसी प्रकार, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी-50 सूचकांक 312.95 अंक यानी 1.24 प्रतिशत उतरकर एक महीने के निचले स्तर 24,865.70 अंक पर रहा।

मझौली और छोटी कंपनियों में ज्यादा गिरावट रही। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 1.46 फीसदी और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 1.75 फीसदी की गिरावट में बंद हुआ। 

बाजार में उथल-पुथल को मापने वाला इंडिया वीआईएक्स सूचकांक 25 से ऊपर पहुंच गया जो भारी अनिश्चितता को दर्शाता है। धातु और फार्मा को छोड़कर अन्य सेक्टरों में गिरावट रही। निफ्टी ऑटो 2.20 प्रतिशत गिर गया। टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद और तेल एवं गैस सेक्टरों के सूचकांक भी दो प्रतिशत से ज्यादा टूटे। बैंकिंग, आईटी, मीडिया, रियलटी और रसायन समूहों के सूचकांक एक प्रतिशत से अधिक की गिरावट में रहे। सेंसेक्स की कंपनियों में इंडिगो का शेयर छह प्रतिशत से अधिक और एलएंडटी का पांच प्रतिशत लुढ़क गया। 

अडानी पोर्ट्स और मारुति सुजुकी में तीन फीसदी से अधिक तथा एशियन पेंट्स, रिलायंस इंडस्ट्रीज और बजाज फिनसर्व में दो से तीन प्रतिशत के बीच गिरावट रही। महिंद्रा एंड महिंद्रा, बजाज फाइनेंस, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, इटरनल, ट्रेंट, टाइटन, अल्ट्राटेक सीमेंट, एनटीपीसी और भारतीय स्टेट बैंक के शेयर एक से दो प्रतिशत की बीच टूटे।

एक्सिस बैंक, इंफोसिस, टीसीएस, टेक महिंद्रा, हिंदुस्तान यूनीलिवर, पावरग्रिड, टाटा स्टील, एचडीएफसी बैंक, कोटक महिंद्रा बैंक, आईसीआईसीआई बैंक और भारती एयरटेल के शेयर भी लाल निशान में रहे। बीईएल का शेयर दो प्रतिशत से अधिक की तेजी में बंद हुआ। सनफार्मा और आईटीसी के शेयर भी ऊपर रहे। 

ये भी पढ़ें :
ईरान-इजरायल तनाव के चलते सोना-चांदी के भाव में उछाल, घमासान के बीच क्या है आज का भाव जानिए

 

संबंधित समाचार