मुरादाबाद : शादी के लिए दबाव बनाने पर जीजा ने की थी साली की हत्या

Amrit Vichar Network
Published By Pradeep Kumar
On

पुलिस ने खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया

मुरादाबाद, अमृत विचार। थाना मैनाठेर क्षेत्र के ग्राम बघी गोवर्धनपुर के जंगल में स्थित एक सूखे कुएं में मिली अज्ञात युवती की लाश के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के बताए स्थान से मृतका के कपड़े व सफेद धातु के आभूषण भी बरामद किए हैं।

सोमवार को मैनाठेर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक किरण पाल ने बताया कि 27 फरवरी को गांव बघी गोवर्धनपुर के जंगल में करीब 15 फुट गहरे सूखे कुएं में 20-22 वर्षीयं युवती का शव मिला था। पुलिस व फील्ड यूनिट ने मौके का निरीक्षण कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। बाद में उसकी शिनाख्त के लिए कई अन्य माध्यमों से प्रयास किए गए। जिसमें मृतका की पहचान शाबरीन उर्फ समरीन (21) पुत्री बाबू खां निवासी ग्राम कमालपुर काफुरपुर थाना असमोली जनपद संभल के रूप में हुई। पिता की तहरीर पर थाना मैनाठेर में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। उन्होंने बताया कि महिला के हत्या आरोपी हासिम पुत्र चांद खां तथा उसके दो साथियों अजीम बाबा व आदिल को सोमवार को गिरफ्तार कर लिया। हत्या के मुख्य आरोपी हासिम ने बताया कि मृतक महिला आरोपी की साली लगती थी। दोनों में काफी पहले समय से संबंध थे। वह शादी के लिए दबाव बना रही थी। जिसके बाद 26 फरवरी को शाबरीन को घर से जेवर लेकर नहर किनारे पटरी पर बुलाया था। वहां दोनों में कुछ कहा सुनी हुई और हासिम ने उसी के दुपट्टे से गला घोट कर हत्या कर दी। उसके बाद अपने साथी अजीम और आदिल की मदद से बघी गोवर्धन गांव के जंगल में बने कुएं में फेंक दिया था। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि तीनों हत्या आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया।जहां से तीनों को जिला जेल भेज दिया गया है।

संबंधित समाचार