होली उत्सव के बीच लाठी-डंडों से जमकर हुई मारपीट, हिंसक संघर्ष में बदली मामूली कहासुनी 

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

हरिद्वार। उत्तराखंड के हरिद्वार में होली के उत्सव के बीच पथरी थाना क्षेत्र के बिशनपुर कुंडी गांव में रंग लगाने को लेकर शुरू हुई मामूली कहासुनी हिंसक संघर्ष में बदल गई। दो पक्षों के बीच विवाद के बाद करीब 50 से अधिक लोग एकत्र होकर आपस में लाठी-डंडे और पथराव से भिड़ गए, जिससे गांव में अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया। 

स्थानीय निवासियों के अनुसार बुधवार को होली खेलने के दौरान युवक आपस में रंग लगा रहे थे, तभी रंग लगाने को लेकर दोनों पक्षों में विवाद शुरू हुआ। विवाद कुछ ही समय में गंभीर झड़प में बदल गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। दोनों ओर से एक-दूसरे पर लाठी-डंडों से हमला किया गया, जिससे कई लोग घायल हो गए। 

घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें करीब 50 लोगों की भीड़ दूसरे पक्ष पर हमला करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में महिलाओं की उपस्थिति भी देखी जा सकती है, जिससे घटना की गंभीरता और बढ़ गई है। घायलों को स्थानीय अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है। अस्पताल सूत्रों ने बताया कि अभी तक किसी की हालत गंभीर नहीं बताई गई है। 

दोनों पक्षों ने पथरी पुलिस को तहरीर दी है और वायरल वीडियो के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है। पथरी पुलिस ने कहा है कि तफ्तीश के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस सतर्कता बरत रही है।

संबंधित समाचार