Uttrakhand : हल्द्वानी में अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, ऊंचापुल चौराहे पर दो मकान ध्वस्त

Amrit Vichar Network
Published By Pradeep Kumar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। उत्तराखंड के हल्द्वानी शहर में सड़क चौड़ीकरण का कार्य एक बार फिर तेज़ी से आगे बढ़ रहा है,इसी क्रम में आज प्रशासन और नगर निगम की संयुक्त टीम ने हल्द्वानी के ऊंचापुल चौराहे के पास बड़ी कार्रवाई करते हुए दो मकानों को ध्वस्त कर दिया, ये दोनों मकान सड़क चौड़ीकरण की जद में आ रहे थे और सरकारी भूमि पर बने हुए थे।

हल्द्वानी में सड़क चौड़ीकरण को लेकर प्रशासन लगातार कार्रवाई कर रहा है, इसी क्रम में आज सिटी मजिस्ट्रेट ए.पी. वाजपेयी और नगर आयुक्त परितोष वर्मा के नेतृत्व में प्रशासन, लोक निर्माण विभाग और नगर निगम की टीम ने ऊंचापुल चौराहे पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की,कार्रवाई के दौरान दो बड़े मकानों को तोड़ने का काम शुरू किया गया। बताया जा रहा है कि इन मकानों का निर्माण सिंचाई विभाग और राजस्व विभाग की सरकारी जमीन पर किया गया था, जो सड़क चौड़ीकरण की जद में आ रहे थे, प्रशासन की टीम द्वारा जेसीबी मशीनों की मदद से मकानों को ध्वस्त करने की प्रक्रिया शुरू की गई, दोनों मकान काफी बड़े होने के कारण इन्हें हटाने की कार्रवाई में समय लग सकता है और यह प्रक्रिया अगले कुछ दिनों तक जारी रह सकती है। अधिकारियों का कहना है कि इन मकानों को हटाने के बाद ऊंचापुल चौराहे पर सड़क चौड़ीकरण का कार्य तेजी से शुरू किया जाएगा, इससे क्षेत्र में यातायात व्यवस्था बेहतर होगी और लोगों को लंबे समय से लगने वाले जाम से भी राहत मिलेगी,सिटी मजिस्ट्रेट ए.पी. वाजपेयी ने बताया कि शहर के कई इलाकों में सड़क चौड़ीकरण का कार्य चल रहा है। इसके लिए प्रशासन लगातार अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई कर रहा है,उन्होंने लोगों से अपील की कि जो भी लोग सरकारी भूमि पर अतिक्रमण किए हुए हैं, वे स्वयं ही उसे हटा लें। उन्होंने यह भी कहा कि यदि लोग स्वेच्छा से अतिक्रमण नहीं हटाते हैं तो प्रशासन सख्ती के साथ कार्रवाई करेगा और जरूरत पड़ने पर बलपूर्वक अतिक्रमण हटाया जाएगा।

संबंधित समाचार