Uttrakhand:चम्पावत जिला योजना 76.91 करोड़ की, आजीविका पर विशेष फोकस
चम्पावत, अमृत विचार। जनपद चम्पावत में वर्ष 2026-27 के लिए 76.91 करोड़ (7691.40 लाख) की जिला योजना को अंतिम रूप दे दिया गया है। प्रभारी मंत्री भरत सिंह चौधरी की अध्यक्षता में हुई जिला योजना समिति की बैठक में इसे मंजूरी दी गई। इस बार योजना में पारंपरिक निर्माण कार्यों के साथ आजीविका संवर्धन और स्वरोजगार को प्राथमिकता दी गई है।
योजना के तहत कृषि, उद्यान, पशुपालन, डेयरी, मत्स्य पालन और सहकारिता क्षेत्रों के बजट में बढ़ोतरी की गई है, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। प्रमुख कार्यों में 107 ग्राम पंचायतों में 119 किमी चेन लिंक फेंसिंग, महिला स्वयं सहायता समूहों के लिए 500 लाख, 171 पशुपालकों को बकरी पालन यूनिट और 1000 लाभार्थियों को कुक्कुट पालन सहायता शामिल हैं।
इसके अलावा लोक निर्माण विभाग द्वारा 10 नई सड़कों, चार पुल-पुलियों का निर्माण और 44 मार्गों के सुधार कार्य प्रस्तावित हैं। 32 नई पेयजल योजनाएं, पर्यटन के लिए 540 लाख और बागवानी विकास हेतु 477.74 लाख का प्रावधान किया गया है। जिलाधिकारी मनीष कुमार ने बताया कि योजना को भौतिक, सामाजिक और आजीविका क्षेत्रों में संतुलित रूप से विभाजित किया गया है। बैठक में जनप्रतिनिधियों सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।
