कश्मीर में 5 दिन के बाद खुले बाजार: इंटरनेट-प्री पेड मोबाइल फोन सेवा बहाल, हालात सामान्य होने पर दी गई छूट 

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के कश्मीर में हालात सामान्य हो गये हैं और पांच दिनों की पाबंदियों के बाद शनिवार को बाजार फिर से खुल गये और सार्वजनिक परिवहन भी सामान्य रूप से चलने लगे। इससे पहले विरोध प्रदर्शनों के कारण बंद पड़ी इंटरनेट और प्रीपेड मोबाइल फ़ोन सेवाओं को शुक्रवार शाम से फिर से शुरू कर दिया गया है।

जम्मू-कश्मीर में अधिकारियों ने 28 फरवरी को अमेरिका और इज़रायल की ओर से ईरान पर किये गये हवाई हमलों में वहां शीर्ष नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के मारे जाने के बाद हुए विरोध प्रदर्शनों को रोकने के लिए पांच दिन पहले घाटी के कुछ हिस्सों में पाबंदियां लगा दी थीं।

श्रीनगर के लाल चौक से कल शाम पाबंदियां हटा ली गयी। श्रीनगर के घंटा घर के पास शिया समुदाय की ओर से शोक सभा आयोजित करने को लेकर वहां जुटने वाली भीड़ को रोकने के लिए टिन की चादरों और कांटेदार तारों से बैरिकेड किया गया था।

खामेनेई की रविवार को हत्या और इजरायल और अमेरिका द्वारा ईरान पर हमले काे लेकर विरोध करने के लिए सैकड़ों लोग लाल चौक पर इकट्ठा हुए थे। गौरतलब है कि केंद्र सरकार की ओर से पांच अगस्त, 2019 को संविधान के अनुच्छेद 370 को हटाने के बाद कश्मीर में इतने बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन पहली बार हुए। 

विरोध प्रदर्शन गत रविवार को शांतिपूर्ण रहे, लेकिन अगले दिन पुलिस ने मार्च करने वालों को लाल चौक की ओर बढ़ने से रोक दिया, जिसके बाद तनाव बढ़ गया। कई जगहों पर प्रदर्शनकारी हिंसक हो गए, जिसके बाद पुलिस को भीड़ को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले और लाठियां चलानी पड़ीं। अधिकारियों ने कहा कि कल स्थिति शांतिपूर्ण रहने के बाद पाबंदियों में धीरे-धीरे ढील दी गई। हालांकि, वरिष्ठ सुरक्षा अधिकारी स्थिति पर कड़ी नज़र रखे हुए हैं। 

ये भी पढ़ें :
बाल-बाल बचे केशव प्रसाद मौर्य: लखनऊ एयरपोर्ट पर हेलीकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग, कौशांबी के लिए रवाना हुए थे डिप्टी सीएम 

 

 

संबंधित समाचार