बाल-बाल बचे केशव प्रसाद मौर्य: लखनऊ एयरपोर्ट पर हेलीकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग, कौशांबी के लिए रवाना हुए थे डिप्टी सीएम
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य शनिवार को एक संभावित हादसे से बाल-बाल बच गए। कौशांबी जाते समय उनके हेलीकॉप्टर में तकनीकी खराबी आ गई, जिसके चलते चौधरी चरण सिंह एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। जानकारी के अनुसार उपमुख्यमंत्री लखनऊ के ला मार्टिनियर ग्राउंड से हेलीकॉप्टर द्वारा कौशांबी के लिए रवाना हुए थे। उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद हेलीकॉप्टर के केबिन में अचानक धुआं भरने लगा।
स्थिति को देखते हुए पायलट ने तुरंत सूझबूझ दिखाते हुए हेलीकॉप्टर को वापस लखनऊ एयरपोर्ट की ओर मोड़ दिया और आपातकालीन लैंडिंग कराई। बताया जा रहा है कि हेलीकॉप्टर में उपमुख्यमंत्री के साथ पायलट, एक सहयोगी और एक पीएसओ मौजूद थे। धुएं के कारण कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई, हालांकि सुरक्षित लैंडिंग होने से सभी लोग पूरी तरह सुरक्षित हैं और किसी प्रकार के नुकसान की खबर नहीं है।
घटना के बाद उपमुख्यमंत्री कुछ समय तक एयरपोर्ट पर ही रुके रहे। तकनीकी खराबी के कारणों की जांच के लिए हेलीकॉप्टर की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है। उपमुख्यमंत्री मौर्य आज कौशांबी में आयोजित कार्यक्रम शामिल होने जा रहे थे।
इसके अलावा उनके पार्टी पदाधिकारियों के साथ संवाद, विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक और कई विकास परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण करने का भी कार्यक्रम तय था। अधिकारियों के अनुसार सुरक्षा के लिहाज से हेलीकॉप्टर की तकनीकी जांच पूरी होने के बाद ही आगे की उड़ान के बारे में फैसला लिया जाएगा।
