वाराणसी में विपक्षी दलों पर बरसे डॉ. संजय निषाद, कहा- विपक्ष महिलाओं को आगे बढ़ने नहीं देना चाहता

Amrit Vichar Network
Published By Amrit Vichar
On

वाराणसी। निषाद पार्टी प्रमुख एवं उत्तर प्रदेश के कबीना मंत्री डॉ. संजय निषाद ने शुक्रवार को कहा कि महिलाओं को उनका पूरा अधिकार मिलना चाहिए। देश की आजादी में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही है, लेकिन विपक्ष आधी आबादी को आगे नहीं बढ़ने देना चाहता। डॉ. निषाद ने कहा कि सरकार का मुख्य उद्देश्य देश को विकसित और आत्मनिर्भर बनाना है। साथ ही समाज के वंचित, पिछड़े और शोषित वर्गों को मुख्यधारा में लाना सरकार की प्राथमिकता है। 

उन्होंने कहा कि गरीबों और झुग्गी-झोपड़ियों में रहने वाले परिवारों के बच्चों को शिक्षा से जोड़ना सरकार की प्रमुख प्राथमिकता है। डॉ. निषाद ने आरोप लगाया कि कुछ लोग गरीबों के नाम पर राजनीति करते हुए स्वयं लाभ उठा रहे हैं, जबकि वास्तविक जरूरतमंदों तक सरकारी योजनाओं का पूरा लाभ नहीं पहुँच पा रहा है।

महिलाओं के सम्मान और अधिकारों पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि देश की आजादी तथा विकास में महिलाओं की अहम भूमिका रही है। सरकार महिलाओं को और अधिक सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है और उनके अधिकारों को मजबूत करने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों की सराहना करते हुए डॉ. संजय निषाद ने कहा कि केंद्र सरकार ने देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और भारत को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। 

उन्होंने कहा कि संविधान में परिसीमन का प्रावधान है और इसे समय पर लागू किया जाना चाहिए, ताकि जनसंख्या के अनुपात में प्रतिनिधित्व संतुलित हो सके। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए डॉ. निषाद ने कहा कि अब वहाँ सत्ता परिवर्तन का समय आ गया है। 

संबंधित समाचार