Bareilly : सेल्फ स्टडी से दूसरे प्रयास में आकाश ने हासिल की 684वीं रैंक, मल्टीनेशलन कंपनी की छोड़ी नौकरी
बरेली, अमृत विचार। संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की परीक्षा में सुरेश शर्मा नगर के आकाश गंगवार ने 684वीं रैंक हासिल कर सफलता की मिसाल कायम की है। आकाश का यह दूसरा अटेम्प्ट है। पहले प्रयास में वह इंटरव्यू तक पहुंचे थे। आकाश ने सेल्फ स्टडी पर फोकस किया और ऑन लाइन स्टडी मैटेरियल के जरिये सफलता की कहानी लिख दी। उन्होंने सफलता का श्रेय माता-पिता, परिजनों और दोस्तों को दिया। परिणाम घोषित होने के बाद से घर पर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है।
आकाश के पिता कुंवरसेन गंगवार मत्स्य विभाग के सेवानिवृत्त अफसर हैं और मां हेमेंद्र कुमारी गृहणी हैं। आकाश बताते हैं कि इंटर तक की पढ़ाई शहर के सेंट फ्रांसिस स्कूल से हुई। इंटरमीडिएट में 96 प्रतिशत अंक के साथ जिले में तीसरा स्थान मिला था। आईआईटी कानपुर से इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी कर गुड़गांव स्थित मल्टीनेशनल कंपनी में अच्छे पैकेज पर नौकरी की। सपना सिविल सेवा में जाने का था। आकाश ने बताया कि यह सफर उनके लिए आसान नहीं था, इसलिए नौकरी छोड़कर तैयारी के लिए पहले एक साल दिल्ली में रहकर कड़ा संघर्ष किया। 2024 में सिविल सेवा परीक्षा के लिए पहला प्रयास किया, इसमें सफलता नहीं मिलने पर आकाश ने कमजोरियों को पहचाना और तैयारी में सुधार किया। इसके बाद घर लौटकर किताबों के साथ-साथ ऑनलाइन माध्यम से पढ़ाई की और पूरी तरह से सेल्फ स्टडी पर ध्यान केंद्रित किया। आकाश ने कहा इस सफलता के पीछे परिवार और आईआईटी करने वाले दोस्तों का योगदान भी अहम है।
पूरी तरह पढ़ाई को समर्पित थी दिनचर्या
आकाश की दिनचर्या पूरी तरह से पढ़ाई को समर्पित थी। उन्होंने अपनी रणनीति के कुछ अहम राज साझा किए हैं। वह रोजाना औसतन 10 से 12 घंटे पढ़ते थे, जो परीक्षा के करीब आने पर 14 घंटे तक भी पहुंच जाता था। उन्होंने रात 10 बजे के बाद कभी पढ़ाई नहीं की। अपनी तैयारी के लिए आकाश ने खुद के नोट्स तैयार किए और बार-बार रिवीजन किया। उनका मानना है कि दस अलग-अलग किताबें पढ़ने के बजाय, एक ही प्रामाणिक किताब को मन से और बार-बार पढ़ना ज्यादा फायदेमंद होता है। रोजाना ज्यादा से ज्यादा क्वेश्चन पेपर हल करना और मॉक टेस्ट देना उनके रुटीन का अहम हिस्सा था।
वर्किंग प्रोफेशनल्स के लिए दिया खास संदेश
यूपीएससी की तैयारी कर रहे युवाओं और वर्किंग प्रोफेशनल्स को संदेश देते हुए आकाश ने कहा कि नौकरी के साथ भी पढ़ाई की जा सकती है। इसके लिए बस आपको समय निकालना और टाइम मैनेजमेंट करना आना चाहिए। इसके लिए जरूरी यह है कि मेहनत करने के साथ गलतियों पर ध्यान दिया जाए। खुद का मूल्यांकन करने की सलाह दी।
