Bareilly: भाजपा पार्षद महेश राजपूत पर FIR,पत्नी को प्रताड़ित करने का आरोप
बरेली, अमृत विचार। भाजपा के नगर निगम पार्षद पर पत्नी ने प्रताड़ित करने और मारपीट के गंभीर आरोप लगाए है। महिला ने कहा कि पति उसके साथ मारपीट करके मायके से दहेज लाने की मांग करते है। महिला की तहरीर पर इज्जतनगर पुलिस ने भाजपा पार्षद महेश राजपूत के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
शाही थाना क्षेत्र के दुनकी धनेली निवासी पार्वती देवी ने बताया कि उसकी शादी इज्जतनगर थाना क्षेत्र के नगरिया परिक्षित निवासी महेश राजपूत के साथ हुई थी। पार्वती ने बताया कि वह बेसिक शिक्षा विभाग में सहायक अध्यापक के पद पर कार्यरत है। जबकि उसके पति महेश राजपूत नगर निगम के वार्ड नंबर 51 से भाजपा के वर्तमान पार्षद है। महिला ने बताया कि शादी के बाद से ही उसके पति का व्यवहार ठीक नहीं रहा। छोटी और घरेलू बातों पर उसके पति उसे प्रताड़ित करते थे।
आरोप है कि उसके पति मायके से मिले दहेज से खुश नहीं थे। महिला ने बताया कि इसके अलावा वह और दहेज लाने की मांग करते है। मना करने पर पति उसके साथ मारपीट करते है। महिला ने बताया कि 5 मार्च को उसकी तबीयत खराब थी। तभी उसके पति महेश उसके साथ गाली गलौज करते हुए मारपीट करने लगे। जिससे उसके शरीर मे गुम चोटे आई। महिला ने कहा कि पूर्व में की गई मारपीट में हुए समझौते की छाया प्रति उसके पास है। महिला की तहरीर पर इज्जतनगर पुलिस ने भाजपा पार्षद महेश राजपूत के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करके मामले की जांच शुरु कर दी है।
