LSG VS KKR: हार के सिलसिले पर ब्रेक लगाने उतरेगी लखनऊ सुपर जायंट्स, कोलकाता नाइटराइडर्स से भिड़ंत आज
लखनऊ, अमृत विचार : इकाना स्टेडियम में रविवार को लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) और कोलकाता नाइटराइडर्स (केकेआर) के बीच मुकाबला खेला जाएगा। दोनों टीमें अंक तालिका में निचले पायदान पर हैं, जहां एलएसजी नौवें और केकेआर दसवें स्थान पर है। प्लेऑफ की उम्मीदें लगभग खत्म हो चुकी हैं, ऐसे में यह मुकाबला साख बचाने का होगा और दोनों टीमें जीत के इरादे से उतरेंगी।
एलएसजी पर घरेलू मैदान पर लगातार हार का दबाव है। पिछले सत्र से अब तक टीम यहां सात मैच हार चुकी है, जबकि इस सीजन में भी तीन मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा है। कप्तान ऋषभ पंत पर टीम को संभालने के साथ-साथ बड़ी पारी खेलने की जिम्मेदारी होगी। बल्लेबाजी में मिचेल मार्श (7 मैचों में 210 रन) को छोड़ अन्य खिलाड़ी उम्मीदों पर खरे नहीं उतरे हैं। निकोलस पूरन का खराब प्रदर्शन टीम के लिए चिंता का विषय बना हुआ है।
गेंदबाजी में तेज आक्रमण ने बेहतर प्रदर्शन किया है। प्रिंस यादव 7 मैचों में 13 विकेट लेकर प्रभावी रहे हैं, जबकि मोहम्मद शमी ने भी उपयोगी योगदान दिया है। हालांकि स्पिन विभाग अपेक्षा के अनुरूप प्रदर्शन नहीं कर सका है।
दूसरी ओर केकेआर की टीम भी संघर्ष कर रही है। कप्तान अजिंक्य रहाणे और रिंकू सिंह का बल्ला अब तक खामोश रहा है, जबकि गेंदबाजी में भी धार की कमी दिखी है। वरुण चक्रवर्ती महंगे साबित हुए हैं।
आईपीएल इतिहास में दोनों टीमों के बीच 7 मैच हुए हैं, जिनमें एलएसजी ने 5 और केकेआर ने 2 मुकाबले जीते हैं। इस सीजन के पिछले मैच में भी लखनऊ ने कोलकाता को हराया था।
