वाराणसी : सीएम योगी की मां पर टिप्पणी करने वाले मौलाना का पुतला फूंका, नागरिकता रद्द करने की मांग

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

वाराणसी। बिहार के मौलाना अब्दुल्ला सलीम द्वारा उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां के संबंध में कथित विवादास्पद एवं आपत्तिजनक टिप्पणी करने के बाद धार्मिक नगरी काशी में लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है। इस बयान ने सामाजिक एवं राजनीतिक माहौल को तीखा कर दिया है। रविवार को वाराणसी में युवाओं ने इसकी कड़ी निंदा करते हुए जोरदार प्रदर्शन किया और मौलाना अब्दुल्ला सलीम का पुतला फूंका।

शहर के मैदागिन चौराहे पर त्रिशक्ति सेवा फाउंडेशन एवं हिंदूवादी संगठनों के कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी की और मौलाना के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि किसी जनप्रतिनिधि या उनके परिवार के सदस्य के बारे में इस प्रकार की आपत्तिजनक टिप्पणी समाज में वैमनस्य फैलाने वाली है तथा इसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। 

अंबरीश सिंह भोला ने कहा कि मुख्यमंत्री की माँ के प्रति की गई अभद्र टिप्पणी अत्यंत निंदनीय है। इससे पूरे प्रदेश की जनता की भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने मांग की कि ऐसे तत्वों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि भविष्य में किसी को भी इस तरह की टिप्पणी करने का साहस न हो। साथ ही उन्होंने प्रशासन से मौलाना अब्दुल्ला सलीम की नागरिकता रद्द करने की भी मांग की। 

संबंधित समाचार