बाराबंकी : जनगणना प्रशिक्षण का डीएम ने किया औचक निरीक्षण, कहा- प्रशिक्षण की गुणवत्ता से ही सुनिश्चित होगी जनगणना
बाराबंकी, अमृत विचार। जनगणना 2027 के प्रथम चरण की तैयारियों के तहत जिलाधिकारी व प्रमुख जनगणना अधिकारी ईशान प्रताप सिंह ने ज्वाइंट मजिस्ट्रेट व एसडीएम नवाबगंज गुंजिता अग्रवाल के साथ सागर इंस्टीट्यूट में चल रहे प्रगणकों व सुपरवाइजरों के प्रशिक्षण कार्यक्रम का औचक निरीक्षण किया।
उन्होंने प्रशिक्षण की गुणवत्ता, उपस्थिति, तकनीकी व्यवस्थाओं व प्रशिक्षकों के प्रदर्शन की समीक्षा कर निर्देश दिए कि सभी कर्मी प्रशिक्षण को गंभीरता से लें और फील्ड कार्य पूरी शुद्धता व पारदर्शिता के साथ करें। प्रशिक्षण की गुणवत्ता से ही डिजिटल व त्रुटिरहित जनगणना सुनिश्चित होगी।
डीएम ने बताया कि 22 मई से 20 जून 2026 तक मकान सूचीकरण व भवन गणना का कार्य होगा, जबकि 7 से 21 मई तक नागरिकों को स्वगणना की सुविधा भी मिलेगी। उन्होंने मोबाइल एप, डेटा एंट्री व सत्यापन प्रक्रिया पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
जनपद में शुक्रवार को 657 प्रगणक व सुपरवाइजरों को 32 फील्ड ट्रेनर और 3 मास्टर ट्रेनर द्वारा प्रशिक्षण दिया गया, जबकि अब तक कुल 3732 कर्मियों को प्रशिक्षित किया जा चुका है। निरीक्षण के दौरान डीएम ने प्रशिक्षणार्थियों के साथ भोजन कर संवाद भी किया और टीम भावना व समन्वय को सफलता की कुंजी बताया। इस मौके पर गुंजिता अग्रवाल सहित मास्टर ट्रेनर, फील्ड ट्रेनर व प्रशिक्षु उपस्थित रहे।
