खरीफ 2026 : ई-लॉटरी से होगा बीज वितरण, 10 मई तक करें ऑनलाइन बुकिंग

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर। उत्तर प्रदेश के कानपुर नगर में खरीफ 2026 के तहत विभिन्न योजनाओं में बीज वितरण की प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और सुव्यवस्थित बनाने के लिए महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। अब बीजों का वितरण "पहले आओ, पहले पाओ" के बजाय ई-लॉटरी प्रणाली के माध्यम से किया जाएगा। 

उप कृषि निदेशक डॉ. आर.एस. वर्मा ने शुक्रवार को बताया कि जनपद के पंजीकृत किसान विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत सामान्य बीज वितरण जैसे ढैंचा, धान, अरहर, उर्द और मूंग, निःशुल्क मिनीकिट बीज जैसे श्रीअन्न (मिलेट्स) ज्वार, बाजरा, सावा, कोदो, रागी, दलहनी मिनीकिट (अरहर, उर्द, मूंग), तिलहनी मिनीकिट (तिल) तथा संकर बीज जैसे संकर धान, मक्का, ज्वार और बाजरा के लिए ऑनलाइन बुकिंग कर सकते हैं। 

उन्होंने बताया कि खरीफ 2026 हेतु बीज बुकिंग की प्रक्रिया 22 अप्रैल 2026 से शुरू होकर 10 मई 2026 तक चलेगी। इच्छुक किसान कृषि विभाग के पोर्टल "एग्री दर्शन-1" (http://agriculture.up.gov.in) पर स्वयं या जनसेवा केंद्र के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल विभागीय पोर्टल पर पंजीकृत किसान ही बीज बुकिंग के पात्र होंगे और 10 मई के बाद प्राप्त आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा। यदि निर्धारित लक्ष्य से अधिक आवेदन प्राप्त होते हैं, तो लाभार्थियों का चयन निष्पक्ष रूप से ई-लॉटरी के माध्यम से किया जाएगा। 

चयनित किसान अपने संबंधित विकासखंड के राजकीय कृषि बीज भंडार से पीओएस मशीन पर सत्यापन कराकर तथा कृषक अंश जमा कर बीज प्राप्त कर सकेंगे। यह व्यवस्था सामान्य बीज एवं मिनीकिट दोनों योजनाओं पर समान रूप से लागू होगी। कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर अपनी बुकिंग सुनिश्चित कर योजना का अधिकतम लाभ उठाएं।  

संबंधित समाचार