कानपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई : मुठभेड़ के बाद तीन लुटेरे गिरफ्तार, नगदी और हथियार बरामद

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

कानपुर। उत्तर प्रदेश के कानपुर में स्वॉट टीम सेंट्रल जोन और नवाबगंज थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 2.70 लाख रुपये की लूट के मामले में तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है, जिनमें से दो पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गए। पुलिस के अनुसार दो मार्च को नवाबगंज क्षेत्र में 2.70 लाख रुपये की लूट की घटना हुई थी। सूचना मिली थी कि इस वारदात में शामिल बदमाश दोबारा लूट की घटना को अंजाम देने के उद्देश्य से क्षेत्र में सक्रिय हैं। 

सूचना के आधार पर स्वॉट टीम और नवाबगंज पुलिस ने संयुक्त रूप से घेराबंदी कर बदमाशों को पकड़ने का प्रयास किया। इस दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दो बदमाश गोली लगने से घायल हो गए, जबकि एक बदमाश को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। 

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूट के 2.38 लाख रुपये नकद, घटना में प्रयुक्त टेम्पो, दो तमंचे, कारतूस और अन्य संबंधित वस्तुएं बरामद की हैं। पूछताछ में यह भी सामने आया है कि दो आरोपियों का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है। 

घायल बदमाशों को उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया गया है और अग्रिम विधिक कार्रवाई करते हुए आरोपियों को जेल भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। इस संबंध में अतुल कुमार श्रीवास्तव (पुलिस उपायुक्त सेंट्रल) ने बताया कि पुलिस टीम को लूट के आरोपियों के क्षेत्र में सक्रिय होने की सूचना मिली थी, जिसके बाद संयुक्त कार्रवाई कर उन्हें गिरफ्तार किया गया।   

संबंधित समाचार