T20 World Cup विजेताओं के लिए BCCI ने किया बड़ा ऐलान, 131 करोड़ का दिया जाएगा पुरस्कार, जानें कैसे मिलेगी प्राइज मनी

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

नई दिल्लीः भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने मंगलवार को तीसरी बार पुरुष टी20 विश्व कप जीतने वाली भारतीय टीम के लिए 131 करोड रुपए के पुरस्कार की घोषणा की। यह पुरस्कार राशि 15 खिलाड़ियों, कोचिंग स्टाफ और अन्य सहयोगी स्टाफ में वितरित की जाएगी।

सूत्रों के अनुसार, सूर्यकुमार यादव की अगुवाई वाली टीम के खिलाड़ियों को पुरस्कार राशि का बड़ा हिस्सा मिलना तय है, जबकि सहयोगी स्टाफ के सदस्यों के लिए पुरस्कार राशि उनके पद के अनुसार तय की जाएगी। यह राशि 2024 में रोहित शर्मा की अगुवाई वाली चैंपियन टीम को दिए गए 125 करोड़ रुपये से छह करोड़ रुपये अधिक है। बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने बयान में कहा, ''बोर्ड इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर खिलाड़ियों, सहयोगी स्टाफ के सदस्यों और चयनकर्ताओं को एक बार फिर बधाई देता है और भविष्य में उनकी निरंतर सफलता की कामना करता है ।''

भारत ने रविवार को अहमदाबाद के नरेन्द्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल में न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर यह प्रतिष्ठित ट्रॉफी अपने नाम की थी। वह टी20 विश्व कप में खिताब का सफल बचाव करने वाली पहली टीम है। भारतीय टीम ने तीसरी बार यह टूर्नामेंट जीता। यह कारनामा करने वाली वह पहली टीम बन गई जिससे खेल के इस छोटे प्रारूप में उसके दबदबे का भी पता चलता है।

संबंधित समाचार