UP: मौसम बदलता रहा रंग, शाम को आसमान में छाए बादल
रामपुर, अमृत विचार। सोमवार को पूरे दिन मौसम अपने रंग बदलता रहा, गुलाबी मौसम का लोगों ने लुत्फ लिया। सुबह धूप निकली और दोपहर में गर्मी हो गई। अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। शाम को आसमान में बादल छा गए और 6 किमी. प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने पर मौसम में ठंडक हो गई।
मार्च के महीने में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। सोमवार की सुबह सर्दी का अहसास हुआ हालांकि, सूरज निकल आया। दोपहर में काफी गर्मी हो गई लेकिन, शाम को आसमान में बादल छा गए हवा चलने से मौसम में ठंडक बढ़ गई। रंग बदलते मौसम में शाम को बच्चों ने पार्क और खेल के मैदानों में खूब मस्ती की। कृषि वैज्ञानिक डॉ. लक्ष्मीकांत ने बताया कि रबी के फसलों के लिए बारिश की बहुत जरूरत है। तापमान बढ़ने से गेहूं का दाना समय से पहले पक जाने से उत्पादन घट जाएगा। बताया कि बारिश होने से फसल के पहले पकने की समस्या खत्म हो जाएगी
कृषि विश्वविद्यालय मेरठ के मौसम वैज्ञानिक डॉ. श्वेता सिंह ने बताया कि आमतौर पर मौसम शुष्क रहेगा। तेज हवा की स्थिति में किसान सिंचाई न करें अन्यथा फसल गिरने का डर रहता है। संभव होने पर सिंचाई रात के समय करें।
हाल-ए-मौसम
अधिकतम तापमान- 32 डिग्री सेल्सियस
न्यूनतम तापमान- 19 डिग्री सेल्सियस
आर्द्रता - 45 प्रतिशत
वायु वेग- 06 किमी. प्रति घंटा
