लखनऊ के मोहनलालगंज में बड़ी वारदात : बेटे ने ठंठे से पीट-पीटकर ले ली जान, जानें हत्या की वजह

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ। लखनऊ के मोहनलालगंज थाना क्षेत्र के खुजेहटा गांव में सोमवार को घरेलू विवाद के दौरान एक बेटे ने अपने पिता की डंडे से हमला कर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस की तरफ से आरोपी की तलाश की जा रही है। 

पुलिस के अनुसार सोमवार करीब 11:30 बजे ग्राम खुजेहटा के ग्राम प्रधान शंकर यादव ने थाना मोहनलालगंज को सूचना दी कि गांव निवासी रामकरन रावत (45) की उसके बेटे लव कुश (17) ने सिर पर डंडे से वार कर हत्या कर दी है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पाया कि रामकरन रावत का शव घर के बाहर पड़ा था और आसपास परिवार के सदस्य व ग्रामीण मौजूद थे। 

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि घरेलू विवाद के दौरान लव कुश ने अपने पिता के सिर पर डंडे से हमला कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया। सूचना मिलते ही अपर पुलिस उपायुक्त (दक्षिणी) सहित थाना मोहनलालगंज की पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। घटनास्थल की जांच के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है। 

पुलिस के मुताबिक मृतक की पत्नी उस समय मायके गई हुई थी। मृतक के दो बेटे हैं, जिनमें बड़ा बेटा लव कुश (17) और छोटा बेटा विशाल रावत (15) है। रामकरन रावत खेती कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं। 

संबंधित समाचार