गोरखपुर से प्रयागराज नहीं जाएगी वंदे भारत: रेलवे बंद करने पर कर रहा विचार, 60 % से अधिक सीटें खाली

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश में प्रयागराज से गोरखपुर के बीच चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस को बंद करने पर रेलवे विभाग विचार कर रहा है। पर्याप्त यात्री न मिलने और राजस्व में कमी के कारण इसकी समीक्षा की जा रही है। रेलवे सूत्रों के अनुसार प्रयागराज-लखनऊ मार्ग पर इस ट्रेन में औसतन 60 प्रतिशत से अधिक सीटें खाली रह रही हैं, जिससे रेलवे को आर्थिक नुकसान हो रहा है। 

शुरुआत में यह ट्रेन केवल गोरखपुर और लखनऊ के बीच चलती थी। यात्रियों की मांग पर मार्च 2024 में इसका विस्तार प्रयागराज तक किया गया था। उत्तर मध्य रेलवे ने इससे पहले कम यात्रियों के कारण आगरा से उदयपुर के बीच चलने वाली वंदे भारत सेवा को भी बंद कर दिया था। प्रयागराज जंक्शन स्टेशन सलाहकार समिति के सदस्य रौनक गुप्ता का कहना है कि प्रयागराज से ट्रेन के प्रस्थान का समय यात्रियों के लिए सुविधाजनक नहीं है। 

उन्होंने सुझाव दिया कि इसे बंद करने के बजाय सुबह प्रयागराज से चलाया जाए और शाम को वापसी कराई जाए। वहीं, रेलवे के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार वंदे भारत जैसी ट्रेनों के लिए 40-50 प्रतिशत ऑक्यूपेंसी पर्याप्त नहीं मानी जाती। यदि यात्री संख्या नहीं बढ़ती है तो रैक को व्यस्त रूटों पर चलाना बेहतर विकल्प हो सकता है। उन्होने बताया कि आगरा-उदयपुर वंदे भारत सेवा पहले ही बंद की जा चुकी है। प्रयागराज-गोरखपुर वंदे भारत फिलहाल चल रही है, लेकिन अंतिम निर्णय रेलवे बोर्ड द्वारा लिया जायेगा। 

 

संबंधित समाचार