फर्रुखाबाद में कानूनगो समेत दो रिश्वत लेते गिरफ्तार, एंटी करप्शन टीम ने की कर्रवाई
फर्रुखाबाद। उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले में कानपुर मंडल की एंटी करप्शन टीम ने सदर तहसील में तैनात एक भूलेख निरीक्षक (कानूनगो) और उसके निजी सहायक को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आधिकारिक सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि नवाबगंज थाना क्षेत्र के ग्राम वीरपुर नादी निवासी किसान सर्वेश शाक्य ने अपनी लगभग सात बीघा जमीन की मेड़बंदी व पैमाइश कराने के लिए क्षेत्रीय भूलेख निरीक्षक विमल श्रीवास्तव से संपर्क किया था।
आरोप है कि कानूनगो ने इस कार्य के लिए 40 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की थी। बताया गया कि कई दिनों तक चक्कर काटने के बाद भी काम न होने पर पीड़ित किसान ने कानपुर मंडल एंटी करप्शन टीम से शिकायत की। बाद में कानूनगो के निजी सहायक पवन सक्सेना के माध्यम से सौदा 30 हजार रुपये में तय हुआ।
एंटी करप्शन टीम के इंस्पेक्टर कृष्ण मोहन राय के नेतृत्व में गुरुवार शाम शहर के बजरिया मोहल्ले में स्थित कानूनगो के किराए के आवास के आसपास जाल बिछाया गया। पूर्व निर्धारित योजना के तहत शाम करीब 5:40 बजे किसान ने 15 हजार रुपये की रिश्वत निजी सहायक के माध्यम से कानूनगो तक पहुंचाई। इसी दौरान टीम ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद दोनों को फतेहगढ़ कोतवाली लाया गया, जहां देर रात तक आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी की गई। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में लेखपाल कोतवाली पहुंच गए, जिन्हें पुलिस ने समझाकर वापस भेज दिया। एंटी करप्शन टीम शुक्रवार तड़के दोनों आरोपियों को अपने साथ कानपुर ले गई, जहां आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
