लखनऊ में लगेगा पुस्तक मेला: रवीन्द्रालय लॉन में होगा 10 दिवसीय पुस्तक मेले का उद्घाटन, जान लीजिये डेट डेट
लखनऊ, अमृत विचार: शहर के रवीन्द्रालय लॉन में 13 मार्च से 10 दिवसीय लखनऊ पुस्तक मेला लगेगा। विजन-2047 थीम पर होने वाली इस मेले में नई किताबों के विमोचन, काव्य समारोह, नाटकों का मंचन और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। 60 स्टालों वाले इस मेले में मंच पर पुस्तक विमोचन, साहित्य चर्चा, काव्य पाठ, कहानी वाचन, सहित बच्चों एवम् युवाओं के कार्यक्रम और नाटकों का प्रदर्शन भी आकर्षण का केंद्र होंगे। लेखक से मिलिए, कवि सम्मेलन, मुशायरा सांस्कृतिक आयोजनों के लिए अलग से पंडाल होगा।
मेले के आयोजक मनोज सिंह चंदेल ने बताया कि 13 मार्च को शाम 5 बजे मेले का उद्घाटन होगा। आयोजन में यूपी मेट्रो रेल सहयोगी है। नई टेक्नालॉजी से छपी पुस्तकों के साथ मेले में डिजिटल टेक्नालॉजी से जुड़े प्रकाशन देखने को मिलेंगे, साथ ही स्टेशनरी, शिक्षकों, स्कूलों के लिए उपयोगी सामग्री के स्टाल होंगे। वंदे मातरम् के डेढ़ सौ वर्षों के उपलक्ष्य में युवा कलाकार 15 फीट कैनवस पर भूपेन्द्र अस्थाना के संयोजन में चित्र उकेरेंगे।
मेले में नए भागीदार अपने साहित्य के साथ वाटर प्रूफ पंडाल के स्टालों में मौजूद होंगे। प्रमुख प्रकाशकों और वितरकों में नेशनल बुक ट्रस्ट, हिन्द युग्म, शुभी पब्लिकेशंस गुरुग्राम, उपकार प्रकाशन, निखिल पब्लिशर्स एंड डिस्ट्रीब्यूटर्स आगरा, भारतीय कला प्रकाशन, रितेश बुक, अदित्रि बुक सेंटर, बेस्ट बुक्स, त्रिदेव बुक्स, आर्यन बुक, उर्दू के विलायत पब्लिकेशंस नई दिल्ली, ग्रीन पाम दिल्ली, लखनऊ के दिव्यांश पब्लिकेशंस, बोधरस प्रकाशन, रामकृष्ण मठ, बीइंग बुकिश, देवेंद्र बुक्स, नमन प्रकाशन, उत्तर प्रदेश हिन्दी संस्थान आदि शामिल हैं। दिनकर पुस्तकालय भागलपुर के स्टाल पर पेंगुइन, हार्पर, वेस्टलैंड, राजकमल, वाणी, राजपाल, प्रभाकर प्रभात, पंक्ति व अन्य प्रकाशकों की बेस्ट सेलर्स किताबें भी उपलब्ध होंगी। साथ ही एंजल बुक हाउस रायपुर, शर्मा बुक प्रयागराज, श्रीजी बुक व एनके बुक जयपुर, द बुक ग्लोब सोहना और वैष्णवी बुक्स कानपुर के स्टाल भी होंगे।
