300 शैय्या सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल का भूमि पूजन! जनप्रतिनिधियों-अधिकारियों की अनुपस्थिति पर उठे सवाल
बोले नगर विधायक- मामले की मुख्यमंत्री से की जाएगी शिकायत
अयोध्या, अमृत विचार : रीडगंज रामपथ पर करीब 163.71 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित 300 शैय्या वाले सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल का भूमि पूजन शुक्रवार को लोक निर्माण विभाग के खंड 2 के सहायक अभियंता एसके त्रिपाठी ने कराया। सरकार की इतनी महत्वपूर्ण और बहुचर्चित परियोजना का शुभारंभ जिस तरह किया गया, उसने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। भूमि पूजन कार्यक्रम में न तो किसी जनप्रतिनिधि की उपस्थिति रही और न ही जिला प्रशासन तथा स्वास्थ्य विभाग के जिम्मेदार अधिकारी मौजूद दिखे। हालांकि लोक निर्माण विभाग के खंड 2 के अधिशासी अभियंता उमेश चंद्र ने दावा करते हुए कहा कि कॉन्ट्रैक्टर ने विधिवत निर्माण कार्य शुरू करा दिया। भूमि पूजन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ही करेंगे। कहा कि काम 18 माह में पूरा कर लिया जाएगा।
अयोध्या विधायक वेद प्रकाश गुप्ता की ओर से सीतापुर आई हॉस्पिटल की भूमि पर सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल निर्माण का प्रस्ताव दिया गया था, जिस पर बाद में प्रदेश कैबिनेट की बैठक में मुहर लगी थी। परियोजना के लिए उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से पहली किस्त के रूप में 48 करोड़ रुपये जारी भी किए जा चुके हैं। विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने बताया कि भूमि पूजन की कोई जानकारी नही दी गई। मामले में कड़ी नाराजगी जताते हुए कहा कि तीन दिन बाद मुख्यमंत्री के अयोध्या आगमन पर पूरे मामले को उनके संज्ञान में लाया जाएगा और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की जाएगी। वहीं मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेंद्र भिटौरिया ने भी कहा कि उन्हें कार्यक्रम की कोई जानकारी नहीं दी गई। पूजन कार्यक्रम में सहायक अभियंता सौरभ त्रिपाठी, अवर अभियंता पंकज कुमार, मेडिकल कॉलेज के चिकित्सक डॉ. वीरेंद्र वर्मा, डॉ. साकेत गुप्ता, दिलीप सिंह व अन्य मौजूद रहे।
