यूपी बोर्ड परीक्षा का 18 मार्च से मूल्यांकन: प्रदेश भर में विस्तृत दिशानिर्देश जारी, लापरवाही पर होगी कार्रवाई

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

लखनऊ, अमृत विचार : उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की बोर्ड परीक्षाएं अपने अंतिम चरण में हैं। गुरुवार को यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाओं का अंतिम प्रश्नपत्र होने के बाद परीक्षाएं सम्पन्न हो जाएंगी। इसके बाद उत्तर पुस्तिकाओं के समयबद्ध मूल्यांकन की प्रक्रिया शुरू होगी, जिसके लिए बोर्ड की ओर से विस्तृत दिशानिर्देश जारी किए गए हैं। उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन में किसी भी तरह की लापरवाही पाए जाने या शिक्षकों के अनुपस्थित रहने पर बोर्ड की ओर से सख्त कार्रवाई की जाएगी। मूल्यांकन का कार्य आगामी 18 मार्च से एक अप्रैल के बीच किया जाना है।

उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद के सचिव भगवती सिंह ने सभी शिक्षकों को अनिवार्य रूप से मूल्यांकन कार्य करने के निर्देश जारी किए हैं। निर्देश में कहा गया है कि हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की लिखित परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन के लिए नियुक्त परीक्षक यदि मूल्यांकन कार्य के दौरान अनुपस्थित रहते हैं, तो इसे गंभीरता से लेते हुए उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अधिनियम के तहत कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

मूल्यांकन कार्य पूरी सतर्कता के साथ कराने के लिए परीक्षकों को मूल्यांकन शुरू होने से एक दिन पहले केंद्र पर प्रशिक्षण दिया जाएगा। केंद्रों पर अनधिकृत लोगों का प्रवेश रोकने के लिए परीक्षकों को नियुक्ति पत्र और परिचय पत्र जारी किए गए हैं। बिना परिचय पत्र के किसी भी कार्मिक को केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।

इन विद्यालयों के शिक्षक करेंगे मूल्यांकन

बोर्ड परीक्षाओं की कॉपियों के मूल्यांकन के लिए राजकीय, एडेड और स्ववित्तपोषित विद्यालयों के शिक्षकों को अनिवार्य रूप से नियुक्त किया जाएगा। उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन 18 मार्च से एक अप्रैल तक कराया जाएगा।

प्रदेश भर में बनाए गए 249 केंद्र

उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन के लिए प्रदेश भर में 249 केंद्र बनाए गए हैं। हाईस्कूल में 70 अंकों की लिखित परीक्षा के अंतर्गत 20 अंकों की वस्तुनिष्ठ परीक्षा ओएमआर शीट पर कराई गई है, जबकि शेष 50 अंकों की परीक्षा उत्तर पुस्तिकाओं पर हुई है।

ये भी पढ़ें :
लखनऊ में लगेगा पुस्तक मेला: रवीन्द्रालय लॉन में होगा 10 दिवसीय पुस्तक मेले का उद्घाटन, जान लीजिये डेट डेट 

 

 

संबंधित समाचार