Moradabad: सऊदी अरब में मिसाइल हमले के दौरान ठाकुरद्वारा का युवक घायल

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

ठाकुरद्वारा, अमृत विचार। सऊदी अरब की राजधानी रियाद में हुए मिसाइल हमले में ठाकुरद्वारा क्षेत्र का युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। युवक की हालत गंभीर होने की सूचना से परिजन और ग्रामीणों में चिंता बनी हुई है। घायल युवक पिछले चार दिनों से रियाद के एक अस्पताल में आईसीयू में भर्ती बताया जा रहा है। वह रियाद की कंपनी में मैकेनिक के तौर पर कार्य कर रहा है।

कोतवाली क्षेत्र के गांव जाफराबाद का रहने वाला मोहम्मद आजम लगभग साढ़े तीन वर्ष पहले रोजगार की तलाश में सऊदी अरब गया था। सऊदी की राजधानी रियाद में एक कंपनी में वह डीजल मैकेनिक के रूप में कार्य कर रहा था। पिछले दिनों रियाद शहर पर ईरान की ओर से हुए मिसाइल हमले की चपेट में वह भी आ गया। गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। आजम के साथ काम करने वाले युवक ने घटना की जानकारी उसके परिजन को मोबाइल के माध्यम से दी।

 सूचना मिलते ही परिवार के लोग चिंतित हो उठे और उसकी आजम के बारे में जानकारी जुटाने में लग गए। हालांकि, इस दौरान बेटे को होश नहीं होने के कारण उससे बात नहीं हो पाई। इतना पता चला कि उसकी हालत गंभीर है और वह आईसीयू में भर्ती है और जीवन रक्षण प्रणाली वेंटिलेटर पर रखा गया है। सभी लोग उसके स्वास्थ्य को लेकर बेहद चिंतित हैं और उसके जल्द ठीक होने की दुआ कर रहे हैं। परिजन के अनुसार मोहम्मद आजम पिछले तीन दिनों से अस्पताल के आईसीयू में वेंटिलेटर पर है और अभी तक उसे होश नहीं आया है। डॉक्टरों ने उसकी स्थिति नाजुक बताई है। पिता ने बताया कि उन्हें बताया गया था कि वह जिस जगह वह रहता था, वहां मिसाइल से निकली चिंगारी गिरी थी, इसके बाद वहां धमाका हुआ। आजम उसके कई साथी भी घायल हुए थे।

परिवार का कहना है कि आजम घर का कमाने वाला प्रमुख सदस्य है। विदेश में रहकर परिवार का भरण-पोषण कर रहा था। साढ़े तीन साल के बाद जनवरी में वह घर आया था। कुछ दिन रुककर वापस सऊदी चला गया। अब उसके घायल होने की सूचना मिली है। परिजन ने भारत सरकार और संबंधित अधिकारियों से अपील की है कि आजम के बेहतर इलाज की व्यवस्था कराई जाए और परिवार को हर संभव सहायता प्रदान की जाए। उन्होंने विदेश मंत्रालय और भारतीय दूतावास से भी मदद की उम्मीद जताई है। ग्रामीण और रिश्तेदार लगातार परिवार के घर पहुंचकर उन्हें सांत्वना दे रहे हैं और युवक के जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।

संबंधित समाचार