लखनऊ विश्वविद्यायल के प्रो. राजीव बने रांची विश्वविद्यायल के कुलपति, ये हैं तीसरे शिक्षक जो निभाएंगे VC का दायित्व
लखनऊ, अमृत विचार: लखनऊ विश्वविद्यायल के भौतिकी विभाग के प्रोफेसर राजीव मनोहर को झारखंड के रांची स्थित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय का कुलपति बनाया गया है। राज्यपाल संतोष गंगवार ने झारखंड राज्य विश्वविद्यालय अधिनियम, 2000 की धारा 10(2) के अंतर्गत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए प्रोफेसर राजीव मनोहर को कुलपति नियुक्त किया है। यह नियुक्ति उनके कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से प्रभावी होगी और वे अधिकतम तीन वर्षों तक इस पद पर रहेंगे।
तीन दशकों से अधिक के शैक्षणिक करियर में उन्होंने संघनित पदार्थ भौतिकी के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया है। विशेषकर लिक्विड क्रिस्टल और नैनोमैटेरियल कॉम्पोज़िट्स पर उनके शोध कार्य ने उन्हें वैश्विक स्तर पर प्रतिष्ठा दिलाई है। उन्होंने 400 से अधिक शोध-पत्र प्रकाशित किए हैं।
लखनऊ विश्वविद्यालय के लिए यह गर्व का विषय है कि प्रो. राजीव मनोहर के साथ-साथ दो अन्य वरिष्ठ प्रोफेसर भी वर्तमान में कुलपति के रूप में नेतृत्व कर रहे हैं। इनमें प्रो. मनोज दीक्षित जो महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय, बीकानेर के कुलपति हैं और प्रो. पूनम टंडन जो दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय, गोरखपुर की कुलपति हैं।
