समाज में नकली संतों का होगा अंत... स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद से मुलाकात के बाद बोले अखिलेश यादव
लखनऊ। समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गुरुवार को लखनऊ के कृष्णानगर क्षेत्र में शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती से मुलाकात की और कहा कि शंकराचार्य का आशीर्वाद मिलने से समाज में फैले नकली संतों का अंत होगा। अखिलेश यादव दोपहर करीब 12:30 बजे अपने आवास से कृष्णानगर स्थित कार्यक्रम स्थल पहुंचे और स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद से भेंट की।
मुलाकात के बाद अखिलेश यादव ने कहा कि वह शंकराचार्य से आशीर्वाद लेने आए थे। उन्होंने कहा कि किसी भी अच्छे कार्य की शुरुआत से पहले शंकराचार्य का आशीर्वाद मिलना सौभाग्य की बात होती है। उन्होंने गोरक्षा के मुद्दे पर भी अपनी बात रखते हुए कहा कि समाजवादी सरकार के समय गायों की सेवा और संरक्षण के लिए कई फैसले लिए गए थे और भविष्य में भी गायों की सेवा के लिए जो संभव होगा, वह किया जाएगा।
इस दौरान अखिलेश यादव ने कार्यक्रम स्थल पर मौजूद संतों को हाथ जोड़कर प्रणाम भी किया। उनके साथ पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं पूर्व मंत्री राजेंद्र चौधरी और पूर्व सांसद अनु टंडन भी मौजूद रहीं। गौरतलब है कि स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने बुधवार को लखनऊ से गोरक्षा जनजागरण अभियान की शुरुआत की है। इससे पहले वह 8 मार्च को वाराणसी से यात्रा शुरू कर विभिन्न जिलों का दौरा करते हुए 11 मार्च को लखनऊ पहुंचे थे।
