अग्निवीर भर्ती: सपनों के ट्रैक पर 850 नौजवान दौड़े, 600 पास

Amrit Vichar Network
Published By Pradeep Kumar
On

सफल अभ्यर्थियों को अगले चरण के लिए चिकित्सा परीक्षण में बुलाया

बरेली, अमृत विचार। भारतीय सेना का हिस्सा बनने को नौजवान अग्निवीर भर्ती में पूरी जान झोंकते दिखाई दे रहे हैं। जाट रेजिमेंट सेंटर परिसर में आयोजित भर्ती रैली में गुरुवार को 850 युवाओं ने उम्मीद की दौड़ लगाई। 600 अभ्यर्थी सफल हुए हैं। सफल अभ्यर्थियों को अगले चरण के लिए चिकित्सा परीक्षण में बुलाया गया है।

453

भर्ती कार्यालय बरेली के अंतर्गत आने वाले 12 जिलों हरदोई, पीलीभीत, सीतापुर, बरेली, बहराइच, बलरामपुर, बदायूं, फर्रुखाबाद, लखीमपुर, संभल, शाहजहांपुर और श्रावस्ती के अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया। रैली में अग्निवीर ट्रेड्समेन (आठवीं और दसवीं पास) तथा अग्निवीर क्लर्क/स्टोर कीपर टेक्निकल पदों के लिए युवाओं को बुलाया गया था। भर्ती प्रक्रिया के दौरान 850 अभ्यर्थियों ने दौड़ लगाकर अपनी क्षमता का प्रदर्शन किया। दौड़ और अन्य प्रारंभिक परीक्षणों में 600 अभ्यर्थी सफल घोषित किए गए। सफल अभ्यर्थियों को चिकित्सा परीक्षण के लिए बुलाया गया है। सेना भर्ती कार्यालय की ओर से भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराया गया। भर्ती रैली के समय जाट रेजिमेंट के सामने नकटिया रोड को वन-वे कर दिया गया। भर्ती में शामिल होने आए युवाओं के संबंधी जाट रेजिमेंट के बाहर पूरा दिन पेड़ों की छांव में डेरा डाल कर इंतजार करते दिखे। सुरक्षा व्यवस्था के लिए दो प्लाटून पीएसी के साथ पुलिस और ट्रैफिक पुलिस की तैनाती की गई है।

452

युवाओं की मदद में दौड़ीं ई-बसें
जंक्शन और बस अड्डों से भर्ती देखने आ रहे युवाओं को आसानी से जाट रेजिमेंट तक पहुंचने के लिए ई-बसों को भी लगाया गया है। आसपास के जिलों से तमाम युवा अपने साधनों से भी भर्ती में हिस्सा लेने पहुंचे। भर्ती के दौरान 23 अप्रैल तक नकटिया रोड वन-वे किया गया है। जिसे संचालित करने के लिए ट्रैफिक पुलिस पूरी मुस्तैदी से तैयार दिखाई दी। इस बीच पीएसी और पुलिस लगातार सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पैनी नजर बनाए रखे।

संबंधित समाचार