बरेली : सर्वर डाउन से गैस बुकिंग ठप, एजेंसियों पर लगी लंबी कतारें

Amrit Vichar Network
Published By Pradeep Kumar
On

गुरुवार को कई जगहों पर गैस के पहुंचते ही मची होड़

बरेली, अमृत विचार। शहर में रसोई गैस की ऑनलाइन बुकिंग व्यवस्था प्रभावित होने से घरेलू गैस संकट की स्थिति बन गई। बुकिंग का सर्वर डाउन होने के कारण उपभोक्ता मोबाइल एप और फोन के माध्यम से गैस बुकिंग नहीं करा पाए। इसके चलते कई एजेंसियों पर उपभोक्ताओं की लंबी कतारें लग गईं, लोग खाली सिलेंडर लेकर दिनभर भटकते रहे।

शहर के कई स्थानों पर गैस एजेंसी पर सुबह से ही उपभोक्ताओं की कतारें लगी रही। कई जगह-जगह बहुत से उपभोक्ता अपने से साथ दो-दो सिलेंडर लेकर गैस लेने भी पहुंचे। शहर के विभिन्न स्थानों पर रसोई गैस के पहुंचने की सूचना मिलते ही उपभोक्ता एजेंसियों पर जमा हो गए। हालात ऐसे रहे कि कुछ एजेंसियों पर उपभोक्ता ट्रकों के पास भी लाइनें लगाकर खड़े रहे। उपभोक्ताओं को ट्रकों से सीधे सिलेंडर उतारकर उपभोक्ताओं को दिए गए। कहीं-कहीं ठेलों के माध्यम से भी सिलेंडर वितरण की व्यवस्था की गई, ताकि भीड़ को नियंत्रित किया जा सके। इसके बावजूद कई जगह अव्यवस्था की स्थिति बनी रही। गैस एजेंसियों के सेल्समैनों के अनुसार सामान्य दिनों में बुकिंग के आधार पर ही सिलेंडर दिए जाते हैं, लेकिन सर्वर डाउन होने से व्यवस्था प्रभावित हो गई। कुछ स्थानों पर कालाबाजारी की शिकायतें भी सामने आईं, जहां घरेलू सिलेंडर 1500 से 1600 रुपये तक में बिकने की चर्चा रही।

गैस एजेंसियों की मनमानी पर लगाम लगाने को जिला पूर्ति कार्यालय ने कसी कमर
एलपीजी गैस की आपूर्ति में देरी, डिलीवरी में लापरवाही और उपभोक्ताओं से तय कीमत से अधिक वसूली की बढ़ती शिकायतों को देखते हुए जिला पूर्ति कार्यालय सख्त हो गया है। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जिला पूर्ति विभाग ने निगरानी और सख्त कर दी है। उपभोक्ताओं की समस्याओं के समाधान के लिए विभाग ने 9456667774 हेल्पलाइन नंबर जारी किया है। इस नंबर पर एलपीजी गैस की बुकिंग, डिलीवरी में देरी, आपूर्ति में समस्या या अधिक कीमत वसूलने से जुड़ी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।

घरेलू इंडक्शन चूल्हों की मांग बढ़ी
गैस की कमी के चलते घरेलू इंडक्शन चूल्हों की मांग में भी तेजी आई है। इलेक्ट्रॉनिक दुकानों के मालिकों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों में इंडक्शन चूल्हों की बिक्री में बढ़ोतरी देखी गई। कुछ दुकानदारों ने इसको 50 प्रतिशत बढ़ोतरी को बताया। बाजार में आज साप्ताहिक बंदी के बावजूद भी एक-दो इलेक्ट्रॉनिक दुकानें खुली रही।

संबंधित समाचार