मनमाने तरीके से बिजली का इस्तेमाल नहीं कर पाएंगे कर्मचारी: देना होगा हिसाब, फिजूल बर्बादी नहीं तो बिल में राहत भी मिलेगी
नीरज मिश्र अभिषेक/ लखनऊ,अमृत विचार: बिजली विभाग के सेवानिवृत्त और कार्यरत कर्मचारी न्यूनतम शुल्क पर मनमाने तरीके से बिजली का उपयोग नहीं कर पाएंगे। बिजली के दुरुपयोग और फिजूल खर्च राेकने के लिए पावर कारपोरेशन नई व्यवस्था को लागू करने जा रहा है। ज्यादातर कर्मियों के घरों में मीटर लगा दिए गए हैं, कुछ घरों में लगने हैं। अब कर्मचारियों को मीटर के आधार पर हर यूनिक का हिसाब देना होगा।
लखनऊ में करीब 7,000 बिजली कर्मचारी हैं। इनमें से ज्यादातर के घरों में मीटर लग चुके हैं, दो हजार से अधिक कर्मचारियों के घरों में मीटर लगना बाकी है। इसी वित्तीय वर्ष में मीटर लग जाएंगे। मीटर लगने के बाद कर्मचारियों और अधिकारियों की बिजली खपत की निगरानी आम उपभोक्ताओं की तरह ही होगी।
विभागीय सूत्रों के मुताबिक, मीटर लगाने वाली एजेंसी हर महीने बिजली खपत का पूरा ब्यौरा प्रबंधन को सौंपेगी। इससे यह सुनिश्चित किया जाएगा कि बिजली का अनावश्यक उपयोग न हो और किसी तरह का दुरुपयोग तुरंत पकड़ में आ सके। इसके अलावा जो कर्मचारी मीटर लगाने का विरोध करेगा, वहां पुलिस की मदद से मीटर लगाया जाएगा। साथ ही इसे बिजली चोरी की आशंका माना जाएगा और उसके खिलाफ बिजली चोरी की रिपोर्ट भी दर्ज कराई जा सकेगी।
मीटर लगने के बाद यूनिट के हिसाब से कम भी होगा मासिक बिल
मध्यांचल निगम की ओर से उपलब्ध कराई गई सूची के अनुसार मीटर लगने पर कर्मचारियों के मासिक बिल में कुछ कमी भी आएगी। उदाहरण के तौर पर चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों का बिल लगभग 444 रुपये से घटकर करीब 311 रुपये, जबकि तृतीय श्रेणी कर्मचारियों का 540 रुपये से घटकर लगभग 378 रुपये हो जाएगा। इसी तरह अवर अभियंता (जेई) का बिल 888 रुपये से घटकर लगभग 621.65 रुपये, सहायक अभियंता (एई) का 1092 रुपये से घटकर करीब 764.80 रुपये, और अधिशासी अभियंता (ईई) का 1167 रुपये से घटकर लगभग 815 रुपये हो जाएगा। वहीं अधीक्षण अभियंता और डीजीएम श्रेणी के अधिकारियों का बिल 1625 रुपये से घटकर करीब 1140 रुपये, जबकि मुख्य अभियंता और जीएम स्तर के अधिकारियों का बिल 1838 रुपये से घटकर लगभग 1290 रुपये रह जाएगा। हालांकि इन अधिकारियों और कर्मचारियों से एसी उपयोग का अलग चार्ज भी लिया जाता है, जो अप्रैल से सितंबर के बीच लगभग 650 रुपये प्रति माह होता है।
जोनवार मीटर की स्थिति
जोन मीटर लगे अभी लगने हैं
अमौसी जोन- 2000 से अधिक- 1350 घरों में
सेंट्रल जोन: 1400 - 1300
गोमतीनगर जोन: 1700- 900
जानकीपुरम जोन: 1830- 1150 घरों में
नोट-कुल 6930 मीटर लगने है लेकिन अब तक करीब 4700 घरों में ही मीटर लगाए जा चुके हैं।
अब आम उपभोक्ताओं की तरह ही बिजली कर्मियों को यूनिट के खर्च के आधार पर भुगतान करना होगा। सभी बिजली कर्मियों के यहां मीटर लगाने का काम तेजी से किया जा रहा है। मीटर लगाने के दौरान विरोध करने वाले कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित की जायेगी।-वीपी सिंह, मुख्य अभियंता, जानकीपुरम जोन
