हाईवे पर मौत का खतरा होगा कम! लखनऊ के 5 CHC में बनेंगे ट्रॉमा केयर सेंटर, 5 करोड़ का भेजा प्रस्ताव

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

लखनऊ, अमृत विचार : सड़क हादसों में घायलों को समय पर इलाज उपलब्ध कराने के लिए हाईवे से सटे पांच सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी) को ट्रॉमा केयर सपोर्ट सेंटर के रूप में विकसित किया जाएगा। शासन के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग ने इसकी कवायद तेज कर दी है। सीएमओ की ओर से करीब तीन करोड़ रुपये के बजट का प्रस्ताव तैयार कर उच्च अधिकारियों को भेजा गया है।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. एनबी सिंह ने बताया कि जिले के मोहनलालगंज, काकोरी, चिनहट, गोसाईंगंज और सरोजनीनगर स्थित सीएचसी को ट्रॉमा केयर सपोर्ट सेंटर के रूप में अपग्रेड किया जाएगा। प्रत्येक केंद्र को विकसित करने में लगभग 50 लाख रुपये खर्च होने का अनुमान है। उन्होंने बताया कि लखनऊ में कुल 20 सीएचसी हैं, जिनमें आठ शहरी और 12 ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित हैं। हाईवे से जुड़े इन पांच केंद्रों को प्राथमिकता के आधार पर उन्नत करने की योजना बनाई गई है, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में घायल लोगों को तत्काल उपचार मिल सके।

योजना के तहत प्रत्येक केंद्र में पांच बेड का आईसीयू स्थापित किया जाएगा और विशेषज्ञ डॉक्टरों के साथ प्रशिक्षित पैरामेडिकल स्टाफ की तैनाती की जाएगी। साथ ही 24 घंटे पैथोलॉजी और रेडियोलॉजी जांच की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।

सीएमओ के मुताबिक, केंद्रों को ट्रॉमा केयर सपोर्ट सेंटर में बदलने से पहले सड़क और परिवहन से जुड़े मानकों की जांच के लिए परिवहन विभाग से अनुमति ली जाएगी। वहां से हरी झंडी मिलने के बाद निर्माण और अन्य आवश्यक कार्य शुरू किए जाएंगे। इससे दुर्घटना पीड़ितों को समय पर उपचार मिल सकेगा और गंभीर मामलों में रेफर करने से पहले जरूरी प्राथमिक उपचार उपलब्ध हो पाएगा।

संबंधित समाचार