हरदोई : 50 हजार के इनामी सर्राफ को पुलिस ने किया गिरफ्तार, जानें क्या है पूरा मामला
हरदोई। उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में पुलिस ने शाहाबाद थाना क्षेत्र में हुई लूट की घटना से जुड़े 50 हजार रुपये के इनामी सर्राफ को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को बताया 10 फरवरी को क्षेत्र के ग्राम मलकापुर में अनीस खान के घर में 4-5 बदमाश घुस गए थे और उन्हें बंधक बनाकर घर में रखे करीब 30 हजार रुपये नकद तथा आभूषण लूटकर फरार हो गए थे। इस संबंध में थाना शाहाबाद में मुकदमा दर्ज किया गया था।
उन्होंने बताया कि घटना के खुलासे के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर स्वाट, एसओजी और सर्विलांस टीमों का गठन किया गया था। इसी क्रम में पुलिस ने चेकिंग के दौरान इस मामले से संबंधित आरोपी मुकीम निवासी पशुपतिनाथ मंदिर क्षेत्र, बरेली को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से पांच हजार रुपये नकद, एक मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह बरेली में सर्राफा का काम करता है और चोरी के आभूषण खरीदता है।
शाहाबाद की घटना में लूटे गए आभूषण भी उसने खरीदकर उनका स्वरूप बदलकर बेच दिया था, जिससे प्राप्त धन का कुछ हिस्सा उसके पास से बरामद हुआ है। पुलिस के अनुसार आरोपी के विरुद्ध उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों में चोरी और अन्य आपराधिक मामलों के कई मुकदमे दर्ज हैं। घटना में शामिल अन्य दो आरोपियों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर न्यायालय भेज चुकी है।
