Bareilly : घर में घुसकर ननद-सास को पीटा, चार लाख नकद व जेवरात लूटे
विवाहिता और उसके मायके वालों पर आरोप, 10 नामजद, पांच अज्ञात पर रिपोर्ट
बरेली, अमृत विचार। सुभाषनगर थाना क्षेत्र में पारिवारिक कलह ने उस वक्त हिंसक मोड़ ले लिया, जब एक महिला ने मायके वालों के साथ मिलकर ननद और सास पर जानलेवा हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने मारपीट के साथ ही नकदी और जेवर भी लूट लिए। मामले में आरोपी महिला और उसके मायके पक्ष के 10 लोगों को नामजद करते हुए और पांच अज्ञात हमलावरों के खिलाफ लूट और मारपीट की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
पीड़िता के अनुसार, उसकी भाभी का उसके भाई के साथ अक्सर विवाद रहता था, जिसे कई बार पंचायतों के जरिये सुलझाया गया। आरोप है कि 12 दिसंबर 2025 को समझौते के बाद घर लौटी भाभी लगातार परिवार को झूठे मुकदमों में फंसाने और खुदकुशी की धमकी देकर प्रताड़ित कर रही थी। आरोप है कि पीड़िता और उसकी मां गुरुवार को घर में अकेली थीं, तब भाभी ने सुनियोजित तरीके से अपने भाइयों, मां, बहनों और 4-5 अज्ञात साथियों को घर बुला लिया। इन लोगों ने घर में घुसकर गाली-गलौज करते हुए पीड़िता की मां के साथ मारपीट शुरू कर दी। बीच-बचाव करने आई ननद के साथ भी आरोपियों ने बर्बरता की, उसका गला दबाया और छेड़छाड़ जैसी अश्लील हरकतें कीं। शोर-शराबा सुनकर जब पड़ोसी इकट्ठा होने लगे, तो आरोपी जाते-जाते घर में रखी बुलेट बाइक, मोबाइल फोन, चार लाख रुपये नकद और करीब 12 तोले सोने के जेवर लूट कर फरार हो गए।
आरोप है कि हमलावरों ने जाते समय पीड़िता की मां के कान की झुमकी और सोने की चेन भी झपट ली और पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की। युवती की तहरीर के आधार पर पुलिस ने भाभी और उसके मायके पक्ष के नौ नामजद तथा 5 अज्ञात हमलावरों के खिलाफ लूट, मारपीट, छेड़छाड़ और जान से मारने की धमकी जैसी गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
