अखिलेश पर बरेली में बरसे केशव मौर्य, कहा- नारी शक्ति वंदन अधिनियम का विरोध सपा को पड़ेगा भारी, चुनाव में दौड़ाएंगी महिलाएं

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

बरेली। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम का विरोध करने पर समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में माताएं-बहनें उन्हें क्षेत्र में घुसने नहीं देंगी और सपा नेताओं को गांव-गांव दौड़ाया जाएगा। शुक्रवार को बरेली सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत में केशव मौर्य ने आरोप लगाया कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम संशोधन विधेयक का विरोध अखिलेश यादव की महिला-विरोधी मानसिकता को दर्शाता है। 

उन्होंने कहा कि संसद में इस महत्वपूर्ण विधेयक का विरोध कर कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, तृणमूल कांग्रेस और डीएमके ने देश की आधी आबादी के साथ विश्वासघात किया है। उन्होंने कहा कि विपक्षी दलों ने महिलाओं को उनके अधिकारों से वंचित करने की साजिश रची है। समाजवादी पार्टी द्वारा धर्म आधारित आरक्षण की मांग को उन्होंने असंवैधानिक बताते हुए कहा कि भारतीय संविधान धर्म के आधार पर आरक्षण की अनुमति नहीं देता। उन्होंने तृणमूल कांग्रेस पर भी निशाना साधते हुए कहा कि जो पार्टी अपने राज्य में महिलाओं की आवाज को हिंसा से दबाती है, वह संसद में लोकतंत्र की बात कर रही है। 

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम का क्रियान्वयन परिसीमन से जुड़ा है और परिसीमन में देरी का मतलब महिलाओं के आरक्षण में देरी है। ऐसे में इस विधेयक का विरोध वास्तव में महिलाओं के अधिकारों को टालने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्पष्ट किया है कि नीति-निर्माण में महिलाओं की भागीदारी कोई उपकार नहीं, बल्कि उनका स्वाभाविक अधिकार है।

केशव मौर्य ने कहा कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने भी स्पष्ट किया है कि परिसीमन से किसी भी राज्य को नुकसान नहीं होगा, बल्कि दक्षिण भारत का आनुपातिक प्रतिनिधित्व सुरक्षित रहेगा और बढ़ेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष धर्म आधारित आरक्षण की मांग उठाकर केवल तुष्टिकरण और प्रक्रिया को टालने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी महिला सशक्तिकरण और लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है तथा महिलाओं को उनका अधिकार दिलाने के लिए महिला-विरोधी ताकतों के खिलाफ मजबूती से खड़ी रहेगी। 

संबंधित समाचार