बाराबंकी : केडी सिंह बाबू स्मृति संग्रहालय निर्माण कार्य का डीएम ने लिया जायजा, कहा- मूल स्वरूप संरक्षित रखते हुए किया जाए निर्माण

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बाराबंकी, अमृत विचार। जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह ने अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी के.डी. सिंह बाबू के पैतृक आवास पर विकसित हो रहे स्मृति संग्रहालय निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण कर प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने इसे जनपद की खेल विरासत और ऐतिहासिक धरोहर के संरक्षण से जुड़ी महत्वपूर्ण पहल बताते हुए निर्देश दिया कि भवन की मौलिक संरचना और ऐतिहासिकता को सुरक्षित रखते हुए रिस्टोरेशन कार्य कराया जाए।

डीएम ने निर्माण कार्य को मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध पूरा करने के निर्देश देते हुए कहा कि यह संग्रहालय आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा स्थल बने। उन्होंने आगंतुकों के लिए पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था और संग्रहालय में केडी सिंह बाबू के जीवन, उपलब्धियों व भारतीय हॉकी में योगदान से जुड़ी आकर्षक वीथिकाएं विकसित करने पर भी जोर दिया।

परियोजना की स्वीकृत लागत ₹898.27 लाख है और कार्यदायी संस्था यू.पी. प्रोजेक्ट्स कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूनिट-14, लखनऊ) है। इसकी प्रस्तावित पूर्णता अक्टूबर 2026 तय की गई है। परियोजना में रिस्टोरेशन, इंटीरियर, साइट डेवलपमेंट, लैंडस्केपिंग, प्लंबिंग, इलेक्ट्रिफिकेशन और फायर फाइटिंग कार्य शामिल हैं। इस दौरान जॉइंट मजिस्ट्रेट व उप जिलाधिकारी नवाबगंज गुंजिता अग्रवाल, परियोजना प्रबंधक सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

संबंधित समाचार